
Visakhapatnam Steel Plant: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्ट्नम से बड़ी और दुःखद खबर सामने आई है। विशाखापट्ट्नम स्टील प्लांट में बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में पिघला हुआ स्टील लीक होने से 8 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कई मजदूर घायल भी हो गए हैं।
विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन और सरकार पूरी तरह सक्रिय हो गई है। घटना में लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर के बीच राज्य की गृह मंत्री वंगलापुडी अनीता ने अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर हालात की जानकारी ली और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गृह मंत्री ने जिला कलेक्टर और शहर के पुलिस कमिश्नर से फोन पर बातचीत कर दुर्घटना की पूरी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और बचाव अभियान में किसी तरह की देरी न हो। बताया जा रहा है कि हादसे की सूचना मिलते ही वह खुद भी मौके पर पहुंचीं और लगातार अधिकारियों के संपर्क में रहकर आवश्यक दिशा-निर्देश देती रहीं।
इस हादसे को लेकर मजदूर संगठनों ने भी चिंता जताई है। मजदूर यूनियन के नेता एन. अयोध्याराम का कहना है कि शुरुआती तौर पर आग लगने के पीछे किसी विस्फोट की आशंका दिखाई दे रही है, लेकिन वास्तविक कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे में जान गंवाने वाले लोग ठेका श्रमिक थे या स्टील प्लांट के नियमित कर्मचारी।
हादसे के बाद राज्य के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से सीधे बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को राहत और बचाव कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित सरकारी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया है। उनका कहना है कि राहत और बचाव अभियान तेजी से और प्रभावी तरीके से पूरा किया जाना चाहिए, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द सहायता मिल सके।