
Global Cities Index 2026: सबसे आगे होंगे हिंदुस्तानी, दुनिया के 57 उभरते शहरों में 46 हमारे, Photo Source@ChatGpt
Oxford Economics Global Cities Index 2026:भारत आने वाले वर्षों में वैश्विक अर्थव्यवस्था की धुरी बनने की ओर अग्रसर है। हाल ही जारी 'ऑक्सफोर्ड इकोनॉमिक्स ग्लोबल सीटीज इंडेक्स 2026' रिपोर्ट में दुनिया के उभरते 57 शहरों में 46 अकेले भारत के हैं। यानी हर पांच में चार उभरते शहर भारत के हैं। विश्व के एक हजार शहरों में इन 57 शहरों को ‘इमर्जिंग स्टैंडआउट्स’ (उभरते सितारे) की श्रेणी में रखा गया है।
इन 46 शहरों में मध्यप्रदेश के तीन (भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर) और राजस्थान के दो शहर- जयपुर और उदयपुर शामिल हैं। सूची में तमिलनाडु सबसे आगे है, जिसके 7 शहर (चेन्नई, कोयंबटूर, मदुरई, सेलम, तिरुचिरापल्ली, तिरुपुर, वेल्लोर) शामिल हैं। कर्नाटक के 6 शहर (बेंगलूरु, बेलगावी, हुबली-धारवाड़, कलबुर्गी, मंगलुरु, मैसूरु) और महाराष्ट्र व गुजरात के 5-5 शहर सूची में हैं। यह श्रेणी उन विकासशील देशों के शहरों को दी जाती है जो अपने देश के औसत से ज्यादा तेज प्रोडक्टिविटी ग्रोथ और अधिक प्रति-व्यक्ति आय दिखा रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस उभार की सबसे बड़ी वजह भारतीय शहरों का तेजी से हाई-प्रोडक्टिविटी सेक्टरों - जैसे टेक्नोलॉजी, फाइनेंशियल और बिजनेस सर्विसेज की ओर बढ़ना है। रिपोर्ट में बेंगलूरु का जिक्र है, जिसे ‘ग्लोबल टेक हब’ के रूप में उभरता हुआ बताया गया है। रिपोर्ट में बेंगलूरु एक साथ तीन अहम श्रेणियों में शामिल है- क्षेत्रीय अग्रणी शहर, विकासशील महानगर और उभरता सितारा। इसके अलावा अगले पांच साल में यह विश्व का पांचवां सबसे तेज बढ़ने वाला शहर भी माना गया है।
दिलचस्प बात यह है कि वैश्विक अग्रणी शहर (21), सांस्कृतिक राजधानियां (64) और सतत/टिकाऊ शहर (63) की सूची में भारत का कोई भी शहर जगह नहीं बना सका।
दिल्ली, जयपुर, भोपाल, सूरत, आगरा, अहमदाबाद, अमरावती, अमृतसर, बेलगावी, बेंगलुरु, भावनगर, भुवनेश्वर, बोकारो, चंडीगढ़, चेन्नई, कोयंबटूर, गुंटूर, ग्वालियर, हुबली-धारवाड़, हैदराबाद, जबलपुर, जालंधर, जमशेदपुर, कलबुर्गी, कन्नूर, कोलकाता, लुधियाना, मदुरई, मंगलुरु, मेरठ, मुंबई, मैसूरु, नागपुर, नेल्लोर, पटना, पुणे, राजकोट, सेलम, सोलापुर, तिरुचिरापल्ली, तिरुपुर, उदयपुर, वडोदरा, वेल्लोर, विजयवाड़ा, विशाखापत्तनम।
Updated on:
23 Sept 2026 02:40 am
Published on:
23 Sept 2026 02:40 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
