राष्ट्रीय

दिल्ली में रविवार को बागी TMC सांसदों से मिलेंगे पश्चिम बंगाल के CM शुभेंदु अधिकारी, BJP में बन गई बात?

Suvendu Adhikari meeting rebel TMC MPs: पश्चिम बंगाल के CM सुर्वेंदु अधिकारी 14 जून रविवार को दिल्ली पहुंच रहे हैं। वे वहां TMC के बागी सांसदों से मुलाकात करेंगे...पढ़ें पूरी खबर
2 min read
Jun 12, 2026
Suvendu Adhikari
सीएम शुभेन्दु अधिकारी (इमेज सोर्स: ANI)

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में चल रही बगावत अब चरम पर पहुंच गई है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी रविवार यानी कि 14 जून को दिल्ली पहुंच रहे हैं। यहां वे बागी टीएमसी सांसदों से मुलाकात करेंगे।

खबर है कि यह सभी बागी सांसद सोमवार को लोकसभा स्पीकर से मिलने वाले हैं। इससे पहले शुभेंदु उनके साथ बैठक करेंगे। बागी सांसद जगदीश बासुनिया ने इसकी पुष्टि की है।

टीएमसी के लिए बड़ा झटका

यह मुलाकात टीएमसी के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है। अटकलें हैं कि पार्टी के करीब 19 सांसद अब अलग होकर एनडीए के साथ जाने की तैयारी में हैं। असेंबली चुनाव में भारी हार के बाद ममता बनर्जी की पार्टी में दरार साफ दिख रही है।

चुनाव में हार के बाद टीएमसी में असंतोष बढ़ गया है। कई नेता और सांसद अब खुलकर कह रहे हैं कि ममता और अभिषेक बनर्जी की लीडरशिप में पार्टी का भविष्य नहीं है।

पहले भी बागी नेताओं से मिल चुके हैं शुभेंदु

खबर है कि शुभेंदु अधिकारी पहले भी विद्रोही सांसदों और विधायकों से मिल चुके हैं। अब दिल्ली में यह बैठक और महत्वपूर्ण हो गई है क्योंकि सोमवार 15 जून को ये सांसद स्पीकर ओम बिरला से मिलकर अलग संसदीय ब्लॉक बनाने की मांग रखेंगे।

जगदीश बासुनिया का बयान

बागी टीएमसी सांसद जगदीश बासुनिया ने साफ कहा- सीएम शुभेंदु रविवार को दिल्ली आ रहे हैं। उसी दिन वे हमसे मिलेंगे। स्पीकर से मुलाकात से पहले यह बैठक अहम है।

उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं है। वहीं, बासुनिया ने ईडी-सीबीआई के दबाव की खबरों को भी खारिज किया। उनका कहना है कि कोई दबाव नहीं है, सांसद स्वेच्छा से यह फैसला ले रहे हैं।

कौन-कौन हैं प्रमुख बागी?

बागी नेताओं की अगुवाई काकोली घोष दस्तिदार जैसे वरिष्ठ सांसद कर रही हैं। सताब्दी रॉय, यूसुफ पठान, जून मालिया, प्रसून बनर्जी, शर्मिला सरकार समेत करीब 19 सांसदों ने स्पीकर को पत्र लिखा है।

इनमें कई लोकप्रिय चेहरे शामिल हैं। ये सांसद अब अलग सीटिंग और अलग ब्लॉक का दर्जा चाहते हैं। अगर यह मंजूर हो गया तो टीएमसी की संसदीय ताकत काफी कम हो जाएगी।

ममता गुट में घबराहट

ममता बनर्जी के वफादार नेता जैसे कल्याण बनर्जी इस बगावत को लेकर नाराज हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग असंतुष्ट हैं उन्हें पहले इस्तीफा देना चाहिए। लेकिन बागी कह रहे हैं कि वे असली टीएमसी हैं और पुराने नेतृत्व की गलत नीतियों के खिलाफ हैं।

Updated on:
12 Jun 2026 06:58 pm
Published on:
12 Jun 2026 05:44 pm