राष्ट्रीय

वोटिंग के बीच BJP के बाद TMC ने भी लगाया आरोप, कहा- EVM में समस्या के कारण हो रहा धीमा मतदान

West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान कई जगह EVM खराबी की शिकायतें सामने आईं। बीजेपी और टीएमसी दोनों ने मशीनों में गड़बड़ी के आरोप लगाए, जबकि कोलकाता समेत कई सीटों पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए।

2 min read
Apr 29, 2026
West Bengal Election 2026
TMC ने भी लगाए ईवीएम में खराबी के आरोप (Photo-IANS)

Bengal Phase 2 Voting: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में 142 सीटों के लिए हो रही वोटिंग के बीच कई जगह से ईवीएम की खराबी की बात सामने आई है। सुबह बीजेपी ने आरोप लगाया था कि ईवीएम में प्रेस बटन में समस्या आ रही है। वहीं अब ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने भी ईवीएम की खराबी की बात कही है।

दमदम उत्तर विधानसभा से टीएमसी की उम्मीदवार चंद्रिमा भट्टाचार्य ने अपना वोट डालने के बाद कहा कि बूथ पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में खराबी आई, जिससे वोटिंग की स्पीड धीमी हो गई। उन्होंने दक्षिण कोलकत्ता आर्य विद्यालय के मतदान केंद्र संख्या 126 पर अपना वोट डाला। 

बता दें कि चंद्रिमा भट्टाचार्य दमदम उत्तर सीट से दो बार विधायक रह चुकी हैं। पिछली बार उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार अर्चना मजूमदार को 28,499 वोटों से हराया था। इस बार उनका मुकाबला बीजेपी के सौरव सिकदार और CPI(M) की दीप्तिसा धर से है।

BJP ने चुनावी प्रक्रिया में दखल देने का लगाया आरोप

इसी बीच बीजेपी ने टीएमसी पर चुनावी प्रक्रिया में दखल देने का आरोप लगाया है। पूर्व सांसद अर्जुन सिंह ने कहा कि टीएमसी ने मायापल्ली (नोआपारा विधानसभा क्षेत्र) में बूथ नंबर 82-83 के बाहर एक नकली EVM रखी थी और वोटरों को बताया जा रहा था कि कौन सा बटन दबाना है।

वहीं एंटली सीट से बीजेपी प्रत्याशी प्रियंका टिबरेवाल ने भी टीएमसी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मैं लोगों से अपील करती हूं कि आप सब बाहर आएं और खुले दिल से वोट करें। पश्चिम बंगाल के लोगों को वोट देने का अधिकार नहीं मिल रहा था, आज वह अधिकार मिल गया है, इसलिए इस अधिकार का खुलकर इस्तेमाल करें। यहां गुंडे लोगों को वोट देने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन फिर भी लोग वोट देने आ रहे हैं। मैं इलेक्शन कमीशन से रिक्वेस्ट करती हूं कि जो नियम बनाए गए हैं, उन्हें लागू करें। 

सुवेंदु अधिकारी ने क्या कहा?

वहीं बीजेपी नेता और भवानीपुर से प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मैं देख रहा हूं कि वोटिंग अच्छी हो रही है। जनता जाग गई है, वह (ममता बनर्जी) जा रही हैं। उनसे कहो कि वार्ड 77 में जाएं। वह हिंदू वोटरों को डराने के लिए यहां क्यों आ रही हैं?

Published on:
29 Apr 2026 11:51 am