पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 (West Bengal Assembly Elections) के एग्जिट पोल जारी होने के बाद भी हार-जीत का अनुमान लगाना मुश्किल हो गया है। बंगाल में साइलेंट वोटर्स (Silent voters in Bengal) अहम भूमिका निभा रहे हैं। भले ही एग्जिट पोल में बीजेपी को बढ़त दिख रही है, लेकिन ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) का हौसला बुलंद है।
West Bengal Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में रेकॉर्डतोड़ 92% मतदान और एग्जिट पोल आंकड़े जारी होने के बाद नतीजों को लेकर अनुमान साफ होने के बजाय सस्पेंस और गहरा गया है। इसकी सबसे बड़ी वजह बनकर उभरा है 'खामोश वोटर', यानी ऐसा मतदाता जो वोट तो कर रहा है, लेकिन बातचीत में अपनी पसंद जाहिर नहीं कर रहा है। अधिकतर एग्जिट पोल में भाजपा को बढ़त दिखाई गई है, लेकिन राजनीतिक प्रेक्षकों का मानना है कि 'साइलेंट वोटर' फैक्टर किसी भी करवट बैठ सकता है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 'साइलेंट वोटर' फैक्टर की वजह से हार-जीत का चुनावी गणित लगाना बेहद मुश्किल हो गया है। स्थानीय स्तर पर सत्ताधारी पार्टी TMC का प्रभाव और केंद्रीय सुरक्षा बलों की सक्रिय मौजूदगी को इस खामोशी की वजह के तौर पर देखा जा रहा है। मतदाताओं की खामोशी के चलते ही 'Axis My India' जैसी एजेंसी ने बंगाल के एग्जिट पोल जारी करने से दूरी बना ली है।
तनावपूर्ण माहौल में मतदाता सार्वजनिक तौर पर अपनी राजनीतिक पसंद जाहिर करने से कतराते नजर आए हैं। एग्जिट पोल के आंकड़ों को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है। आम तौर पर ज्यादा वोटिंग को किसी एक पक्ष में मजबूत रुझान के तौर पर देखा जाता है, जिसके उदाहरण बिहार, महाराष्ट्र जैसे राज्य है। बंगाल में इसे सीधे-सीधे किसी नतीजे से जोड़ना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में अब कयासों का दौर है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। ममता ने गुरुवार को एक वीडियो जारी कहा कि सेंट्रल फोर्स और स्थानीय फोर्स के संयुक्त दबाव के बावजूद TMC कार्यकर्ता मैदान में डटे रहे। केंद्र और भाजपा के हथकंडों का जनता ने जवाब मतदान से दिया। उन्होंने कहा कि TV पर जो दिखाया जा रहा है, वह BJP दफ्तर से जारी साजिश है। असलियत यह है कि हम 226 सीट का आंकड़ा पार करेंगे।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 'टुडेज चाणक्या' एग्जिट पोल में भाजपा को भारी बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है। चाणक्या ने 294 सदस्यीय बंगाल विधानसभा में भाजपा को 192 सीटें, तृणमूल कांग्रेस (TMC) को मात्र 100 सीटें और अन्य को 2 सीटें देने का अनुमान लगाया है।