
Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में दो चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की नींव रखने वाले और आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के अध्यक्ष हुमायूं कबीर का एक कथित वीडियो वायरल हो रहा है। इसके बाद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ने हुमायूं कबीर के साथ गठबंधन तोड़ लिया है। अब इस पर हुमायूं कबीर की प्रतिक्रिया सामने आई है।
वायरल वीडियो को लेकर AJUP प्रमुख हुमायूं कबीर ने कहा कि मैं बॉबी हकीम (फिरहाद हकीम) को चुनौती देता हूं कि वीडियो में दिख रहे उस व्यक्ति को सामने लाएं, जिसके साथ मैं बैठकर पैसे के बारे में बात कर रहा हूं। मेरा किसी से कोई लेन-देन नहीं है। उन्होंने कहा कि AI के जरिए वो वीडियो बनाया गया है।
बता दें कि हुमायूं कबीर की एक कथित वीडियो वायरल हो रही है, जिसमें वे बीजेपी नेताओं के साथ 1000 करोड़ की डील पर चर्चा कर रहे हैं। इसके बाद वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया। टीएमसी ने वीडियो शेयर कर इसकी जांच की मांग की है।
AIMIM के हुमायूं कबीर की जनता उन्नयन पार्टी से गठबंधन वापस लेने पर हुगली से TMC उम्मीदवार अरिंदम गुइन ने कहा कि इन लोगों को पहले से पता था कि पैसा कहां से आ रहा है और कौन दे रहा है? हुमायूं कबीर का इरादा सबको पता था। उनका काम BJP से साठगांठ करके मुस्लिम वोटों को बांटना है। हुमायूं कबीर से बड़ा कोई गद्दार नहीं है।
इस दौरान उन्होंने ओवैसी को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह (मुसलमानों के) कोई मसीहा नहीं हैं, उन्हें सही डील नहीं मिली, इसलिए वह चले गए।
बता दें कि बंगाल में असदुद्दीन ओवैसी और हुमायूं कबीर गठबंधन कर चुनाव लड़ रहे थे, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद AIMIM ने गठबंधन तोड़ लिया। अब बंगाल में ओवैसी की पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी।
AIMIM ने कहा कि हम किसी भी ऐसे बयान के साथ नहीं जुड़ सकते जिसमें मुसलमानों की अखंडता पर सवाल उठे।