राष्ट्रीय

West Bengal Elections: निर्मला सीतारमण पर बंगाल में घमासान, ममता बनर्जी की ECI से सख्त कार्रवाई की मांग

Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 में ममता बनर्जी ने निर्मला सीतारमण पर ‘मातृ शक्ति भरोसा’ कार्ड को लेकर निशाना साधा। TMC ने चुनाव में निष्पक्षता और केंद्रीय बलों के व्यवहार पर उठाए सवाल।

2 min read
Apr 15, 2026
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनावी रैली के दौरान। (Photo - ANI)

Mamata Banerjee on Nirmala Sitharaman: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है, वैसे-वैसे राज्य में सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। कोई भी पार्टी जनता को अपने पाले में लाने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है। ऐसे में आरोप-प्रत्यारोप तेज होते जा रहे हैं। इसी क्रम में राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 'मातृ शक्ति भरोसा' कार्ड बांटे जाने पर सवाल उठाए।

ममता बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान इस तरह के कार्ड बांटना मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री ऐसे कार्ड बांट रही हैं, जिन पर नाम भी नहीं लिखा है। इन्हें रद्द कर दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें

West Bengal Elections 2026: महिलाओं को लुभाने में जुटी भाजपा, सरकार बनने पर हर महीने ₹3000 देने का किया ऐलान

ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग से इस मामले में ध्यान देने और कड़ी कार्रवाई करने की अपील की। आपको बता दें कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पूर्वी बर्दवान जिले में 'मातृ शक्ति भरोसा' योजना के तहत 10 महिलाओं को कार्ड वितरित किए। इस योजना के जरिए सरकार बनने पर हर महिला को 3000 रुपये मासिक देने का वादा किया गया है।

TMC के वाहनों की जांच होती है तो PM की क्यों नहीं?

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के लिए चल रहे प्रचार में तृणमूल कांग्रेस को निष्पक्ष अवसर नहीं दिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि चुनाव के लिए राज्य में तैनात सुरक्षा बल सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं के साथ चयनात्मक व्यवहार कर रहे हैं।

इस्लामपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने 'चुनिंदा व्यवहार' की आलोचना की। उन्होंने कहा, 'आज दमदम हवाई अड्डे पर केंद्रीय बल हमारी गाड़ी के पास आए। मैंने उनसे हमारी गाड़ी की जांच करने को कहा। अगर तृणमूल नेताओं की गाड़ियों की जांच की जा रही है, तो प्रधानमंत्री या गृह मंत्री की गाड़ियों की क्यों नहीं? क्या सिर्फ तृणमूल की गाड़ियों की ही जांच की जाएगी? देश में क्या चल रहा है?'

पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव

आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। विधानसभा चुनाव के परिणाम 4 मई को घोषित किए जाने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें

ईरान का अमेरिका को अल्टीमेटम: बंदरगाहों की नाकेबंदी को बताया युद्धविराम का उल्लंघन, लाल सागर को ठप करने की दी धमकी
Updated on:
15 Apr 2026 10:34 pm
Published on:
15 Apr 2026 10:31 pm
Also Read
View All