राष्ट्रीय

अब पश्चिम बंगाल नहीं, ‘पश्चिम बंग’ होगा राज्य का नाम! विधान सभा में 9 दिसंबर को आएगा प्रस्ताव

West Bengal Name Change: पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर 'पश्चिम बंग' करने का प्रस्ताव विधानसभा में पेश होगा। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि 4 दिसंबर से शुरू होने वाले सत्र में इस पर चर्चा होगी।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 5:47 PM IST
Suvendu Adhikari news
शुभेंदु अधिकारी। (फोटो-ANI)

West Bengal Name Change: मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को राज्य का नाम बदलकर 'पश्चिम बंग' करने का ऐलान किया। इस फैसले को कैबिनेट की मंजूरी भी मिल गई है। सरकार 9 दिसंबर को विधानसभा में नाम बदलने का प्रस्ताव पेश करेगी। विधानसभा से पारित होने के बाद इसे केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस बदलाव को 1947 में हुए बंगाल विभाजन और राज्य के गठन के इतिहास से जुड़ा मामला बताया है।

कैबिनेट की बैठक में लिया गया फैसला

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में पश्चिम बंगाल का नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। राज्य विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से शुरू होगा। सरकार अब 9 दिसंबर को इस प्रस्ताव को विधानसभा में रखेगी। विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे अंतिम मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। इसके बाद संसद में इस पर आगे की प्रक्रिया पूरी होगी।

BJP ने बताई नाम बदलने की वजह

राज्य का नाम 'पश्चिम बंगा' रखने के पीछे भाजपा का तर्क है कि इससे बंगाल की ऐतिहासिक पहचान को बेहतर तरीके से दिखाया जा सकेगा। पार्टी का कहना है कि 1947 में बंगाल के विभाजन के बाद इसका पश्चिमी हिस्सा भारत में रहा और पश्चिम बंगाल राज्य बना।

भाजपा नेताओं ने 'बांग्ला' नाम को लेकर भी आपत्ति जताई थी। उनका तर्क था कि यह नाम बांग्लादेश से मिलता-जुलता है। ऐसे में पश्चिम बंग नाम राज्य के इतिहास और उसकी अलग पहचान को सामने रखेगा। इससे पहले भी 1999 और 2011 में राज्य का नाम पश्चिम बंगा करने का प्रस्ताव सामने आ चुका है।

अब तक 6 राज्यों के बदले जा चुके हैं नाम

देश में अब तक 6 राज्यों के नाम बदले जा चुके हैं। आखिरी बार 2026 में केरल का नाम बदलकर केरलम किया गया था। अब पश्चिम बंगाल सरकार भी इसी दिशा में आगे बढ़ रही है। हालांकि, राज्य का नाम आधिकारिक रूप से बदलने के लिए विधानसभा और संसद की प्रक्रिया पूरी होना जरूरी होगा।

ममता सरकार ने भी उठाई थी नाम बदलने की मांग

पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की मांग कई साल पुरानी है। वर्ष 2011 में ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री बनने के बाद इस मुद्दे पर चर्चा तेज हुई थी। उनकी सरकार ने राज्य का नाम 'बांग्ला' करने का प्रस्ताव तैयार किया था। वर्ष 2018 में पश्चिम बंगाल विधानसभा ने इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया था। हालांकि, केंद्र सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी। वर्ष 2019 में गृह मंत्रालय ने राज्यसभा में स्पष्ट किया था कि किसी राज्य का नाम बदलने के लिए संवैधानिक प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है।

Updated on:
23 Nov 2026, 5:47 PM IST
Published on: