
कोलकाता। पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर 'पश्चिम बंग' करने को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरु हो गई हैं। विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल नाम से लाखों विस्थापित लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। केवल नाम बदल देने से इतिहास को मिटाया नहीं जा सकता और न ही ऐसा किया जाना चाहिए।
ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि मेरा जन्म 15 दिसंबर 1979 को बंगाल में हुआ था, लेकिन मैं एक ऐसी जगह पला-बढ़ा हूं जो शरणार्थी कॉलोनी थी। उन्होंने कहा कि मेरे पिता को 1947 में देश छोड़कर आना पड़ा था। उस समय वे पांचवीं कक्षा में पढ़ते थे। उनका परिवार जादवपुर की एक कॉलोनी में रहता था।
ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि जब बंटवारा हुए तो पूर्वी पाकिस्तान बना और इस तरफ पश्चिम बंगाल अस्तित्व में आया। उस दौरान लाखों लोग अपना घर-बार छोड़कर यहां पहुंचे थे। इन विस्थापित लोगों का पश्चिम बंगाल नाम से गहरा भावनात्मक जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि इन लोगों के लिए पश्चिम बंगाल सिर्फ एक राज्य का नाम नहीं, बल्कि उनके इतिहास, संघर्ष और विस्थापन की यादों से जुड़ा हुआ है। ऐसे में नाम बदलने से उस इतिहास को भुलाया नहीं जा सकता।
ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि वह सरकार की इस पहल का स्वागत करते हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल का नाम 'पश्चिम बंगाल' ही रहना चाहिए। इतिहास को नाम बदलकर खत्म नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि इतिहास अभी भी अनिर्णीत है और वह खत्म होने से इनकार करता है।
बता दें कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में पश्चिम बंगाल का नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके तहत राज्य का नाम बदलकर 'पश्चिम बंग' करने का निर्णय लिया गया। राज्य विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से शुरू होगा। सरकार 9 दिसंबर को यह प्रस्ताव विधानसभा में पेश करेगी। विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे अंतिम मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। इसके बाद संसद में इस संबंध में आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।