Mamata Banerjee vs Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरा चरण में बुधवार को 142 सीटों पर मतदान होगा।
West Bengal 2nd phase election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और निर्णायक चरण की 142 सीटों पर मतदान 29 अप्रैल बुधवार को होगा, जो राज्य की दिशा और सत्ता का रास्ता तय करेगा। यह चरण दक्षिण बंगाल, हावड़ा, कोलकाता और 24 परगना के उन इलाकों को कवर करता है, जो तृणमूल कांग्रेस का मजबूत गढ़ माने जाते हैं। भाजपा के लिए इन इलाकों में सेंध लगाए बिना सत्ता तक पहुंचना मुश्किल है, क्योंकि तृणमूल कांग्रेस ने 2021 चुनाव में इन 142 सीटों में से 123 जीती थी, जबकि भाजपा यह सिर्फ 18 सीटों पर सिमट गई थी।
23 अप्रैल को हुए चुनावों के पहले चरण में रिकॉर्ड 91.78 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। बुधवार को होने वाली वोटिंग से 1,448 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा, जिनमें 1,228 पुरुष और 220 महिलाएं शामिल हैं। चुनाव आयोग ने वोटिंग प्रक्रिया को आसानी से पूरा करने के लिए सभी इंतजाम कर लिए हैं।
कुल 3.22 करोड़ से ज़्यादा वोटरों में से 3.21 करोड़ आम वोटर हैं और करीब 40,000 सर्विस वोटर हैं। इनमें 1.64 करोड़ पुरुष वोटर, 1.57 करोड़ महिला वोटर और 792 थर्ड जेंडर के तौर पर पहचाने गए वोटर हैं। 4.12 लाख से ज़्यादा वोटर 18-19 साल की उम्र के हैं और 3,200 से ज़्यादा वोटर 100 साल या उससे अधिक उम्र के हैं। 57,000 से ज़्यादा वोटर दिव्यांग (PWD) हैं।
चुनाव आयोग ने चुनावों को आसानी से कराने के लिए 41,001 पोलिंग स्टेशन बनाए हैं। इनमें 39,301 मुख्य स्टेशन और 1700 सहायक स्टेशन शामिल हैं। 8,845 स्टेशन पूरी तरह से महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे हैं, 13 स्टेशन दिव्यांगों द्वारा चलाए जा रहे हैं, और 258 "मॉडल" पोलिंग स्टेशन हैं। सभी 41,001 पोलिंग स्टेशनों से वेबकास्टिंग की जाएगी।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनावों के दूसरे चरण में भवानीपुर विधानसभा सीट से मैदान में हैं। उन्हें BJP नेता सुवेंदु अधिकारी चुनौती दे रहे हैं, जो नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं। बंगाल में विधानसभा चुनावों के दूसरे और आखिरी चरण के लिए चुनाव प्रचार सोमवार को खत्म हो गया। नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे, साथ ही असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों के नतीजे भी आएंगे।