
Who is Vardhaman Jain: आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमला मंदिर में 121 किलोग्राम सोने के आभूषण दान किए गए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 160 करोड़ रुपये बताई जा रही है। चेन्नई के उद्योगपति वर्धमान जैन ने यह दान भगवान वेंकटेश्वर को समर्पित किया। गुरुवार को मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में आभूषण मंदिर को सौंपे गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दान किए गए आभूषणों में भगवान के लिए विशेष मुकुट और पद्म पादालु यानी चरणों में धारण किए जाने वाले आभूषण भी शामिल हैं। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस दान की जानकारी दी।
वर्धमान जैन चेन्नई के उद्योगपति हैं। वह हेल्थकेयर रेवेन्यू साइकिल मैनेजमेंट के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी Access Healthcare के संस्थापक और वाइस चेयरमैन हैं। इसके अलावा वह Asia Engineering में निदेशक के पद पर भी कार्यरत हैं। कारोबार के साथ-साथ जैन सामाजिक कार्यों से भी जुड़े हैं। वह कांची कामकोटि चिल्ड्स ट्रस्ट हॉस्पिटल के मैनेजिंग ट्रस्टी हैं। यह अस्पताल जरूरतमंद बच्चों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए काम करता है।
वर्धमान जैन इससे पहले Vara Future LLP के चेयरमैन भी रह चुके हैं। उन्होंने Vision HealthSource की सह-स्थापना की थी और Dell Services के BPO डिवीजन में मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में काम किया था।
वर्धमान जैन ने चेन्नई के लोयोला कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने अमेरिका के टेक्सास से मास्टर डिग्री हासिल की।
वर्धमान जैन साल 2025 में उस समय चर्चा में आए थे, जब उन्होंने अपनी कंपनी की 70 फीसदी हिस्सेदारी अमेरिका की एक कंपनी को करीब 2 अरब डॉलर में बेचने का सौदा किया था। इस सौदे के बाद उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर के लिए 200 करोड़ रुपये से अधिक के आभूषण दान करने की योजना की घोषणा की थी।
दान किए गए 121 किलोग्राम सोने से कुल 45 तरह के आभूषण तैयार किए गए हैं। इनमें मुकुट, बाजूबंद, कंधों के आभूषण, कमरबंद और पैरों के आभूषण शामिल हैं। इनका डिजाइन भगवान वेंकटेश्वर को सिर से पैर तक सजाने के लिए तैयार किया गया है। इन आभूषणों का इस्तेमाल मंदिर में भगवान की नियमित पूजा-अर्चना यानी 'कैंकर्यम' और विशेष श्रृंगार के दौरान किया जाएगा।