राष्ट्रीय

भाई की सगाई में जाना चाहती थी पत्नी, पति ने नाराज़ होकर डाला तेजाब

पत्नी अपने भाई की सगाई में जाना चाहती थी और इसके लिए ज़िद कर रही थी। पत्नी की ज़िद से नाराज़ होकर पति ने ऐसा कदम उठाया जिसने सभी को हैरान कर दिया।
2 min read
Dec 10, 2025
Supreme Court Acid Attack Verdict
क्यों एसिड अटैक करने वाले भयभीत नहीं हैं?

बिहार में एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मुजफ्फरपुर जिले के थाना क्षेत्र में अमर सिनेमा रोड इलाके में पति-पत्नी में मामूली सी बात पर झगड़ा हो गया। नाराज़ होकर पति ने कुछ ऐसा कर दिया जिसकी पत्नी ने उम्मीद भी नहीं की होगी। दरअसल प्रियंका नाम की महिला की करीब 8 महीने पहले ही अर्जुन कुमार नाम के शख्स से शादी हुई थी। कुछ दिन पहले उसके भाई की सगाई थी और उसमें शामिल होने के लिए वह अपने मायके जाने की ज़िद कर रही थी। अर्जुन ने इसके लिए इनकार कर दिया तो दोनों में झगड़ा हो गया।

पति ने पत्नी पर डाला तेजाब

पति-पत्नी में झगड़ा काफी बढ़ गया। इससे नाराज़ होकर पति ने पत्नी पर तेजाब डाल दिया। जानकारी के अनुसार अर्जुन ने प्रियंका के चेहरे, सीने और पेट पर तेज़ाब डाला, जिससे उसका शरीर 30% से ज़्यादा झुलस गया।

गंभीर स्थिति में करवाया अस्पताल में भर्ती

तेजाब से झुलसने के दर्द से कराहती प्रियंका ने अपने परिवार को फोन करके इस बारे में जानकारी दी। उसके परिजन तुरंत वहाँ पहुंचे और उसे श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसकेएमसीएच) के बर्न वॉर्ड में गंभीर स्थिति में भर्ती करवाया। 5 दिन से प्रियंका का इलाज चल रहा है और उसके जख्म भरने शुरू हो गए हैं। डॉक्टर ने बताया कि प्रियंका अब खतरे से बाहर है। हालांकि उसे पूरी तरह से ठीक होने में समय लगेगा।

पुलिस की लापरवाही

प्रियंका के परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्रियंका के परिवार की शिकायत दर्ज नहीं की और न ही उसका मेडिकल बयान लिया। एक पुलिस अधिकारी ने तो कह दिया , "जहाँ जाना है जाओ, बयान नहीं लेंगे।" इससे प्रियंका के परिवार में काफी गुस्सा है। ऐसे में उन्होंने वकील के ज़रिए अदालत का दरवाज़ा खटखटाने का फैसला लिया है। प्रियंका ने यह भी बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल वालों का उसके प्रति व्यवहार ठीक नहीं था।

Updated on:
10 Dec 2025 07:47 am
Published on:
10 Dec 2025 07:47 am