राष्ट्रीय

‘नारी शक्ति का शंखनाद विपक्ष को सोने नहीं देगा’, वरिष्ठ BJP नेता के बयान पर प्रियंका गांधी ने दिया करारा जवाब

संसद में महिला आरक्षण बिल पास (Women Reservation Bill) नहीं होने के बाद से सियासी घमासान जारी है। संसद में 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' खारिज होने से सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता एक-दूसरे पर हमलावर हैं।

2 min read
Apr 19, 2026
BJP leader Chitra Wagh and Priyanka Gandhi
बीजेपी नेता चित्रा वाघ और प्रियंका गांधी (Photo- IANS)

संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम (Womens Empowerment and Adoration Act) खारिज होने से सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। पक्ष-विपक्ष के नेता महिला आरक्षण बिल खारिज होने के बाद से एक-दूसरे पर लगातार हमला बोल रहे हैं। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश (PM Modi Address the Nation) को संबोधित किया था। PM मोदी ने भी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर जमकर हमला किया।

कांग्रेस, शिवसेना और NCP को सशक्त होती महिलाओं का डर है

मुंबई में बीजेपी की वरिष्ठ महिला नेता चित्रा वाघ ने विपक्ष पर हमला बोला है। चित्रा वाघ ने महिला आरक्षण बिल का जिक्र करते हुए कहा कि अब नारी शक्ति का शंखनाद होगा, जो विपक्ष के लोगों को सोने नहीं देगा। चित्रा वाघ ने कहा कि कांग्रेस, उद्धव ठाकरे की शिवसेना और शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस ने देश की 50 प्रतिशत मातृशक्ति के सपनों को चूर करने का काम किया है। इन्होंने वर्षों तक महिलाओं के सशक्तीकरण की सिर्फ बातें कीं, लेकिन जब उन्हें कुछ करने की बारी आई तो हाथ पीछे खींच लिए। आने वाले दिनों में देश की महिलाएं विपक्ष को करारा जवाब देंगी। चित्रा वाघ ने कहा कि कांग्रेस को डर महिला आरक्षण से नहीं, बल्कि सशक्त होती महिलाओं का डर है।

कांग्रेस, शिवसेना और NCP को शर्म आनी चाहिए

बीजेपी की वरिष्ठ महिला नेता चित्रा वाघ ने महिला आरक्षण बिल खारिज होने पर कांग्रेस, शिवसेना (UBT गुट)और राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) पर गंभीर आरोप लगाया। चित्रा वाघ ने कहा कि डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर ने महिलाओं को सशक्त करने के लिए जो सपना देखा था, उसे पूरा करने की दिशा में PM मोदी प्रयास कर रहे थे। विपक्षी दलों ने PM मोदी का साथ नहीं दिया, इन लोगों को शर्म आनी चाहिए। वे महिला आरक्षण को लेकर लाया गया बिल खारिज होने पर जश्न मना रहे हैं।

बीजेपी को प्रियंका गांधी का करारा जवाब

बीजेपी की वरिष्ठ महिला नेता चित्रा वाघ के बयान पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने पलटवार किया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि बीजेपी अपने फायदे के लिए महिलाओं को इस्तेमाल करती है। महिलाएं इस्तेमाल होने वाली कोई चीज नहीं हैं। यह देश मां जिजाऊ, रमाबाई अंबेडकर और अहिल्याबाई होल्कर जैसी महान विभूतियों की भूमि है, जहां महिलाएं नेतृत्व करती हैं। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस महिलाओं के साथ खड़ी है।

चित्रा वाघ ने कहा- प्रियंका गांधी माफी मांगे

चित्रा वाघ ने कहा कि प्रियंका गांधी जी, हमने आपकी प्रेस कॉन्फ्रेंस देखी। उसमे आपने कहा कि भाजपा महिलाओं को इस्तेमाल करती है। एक महिला होकर आपकी ऐसी भाषा? महिलाएं कोई वस्तु नहीं हैं, जिनका इस्तेमाल किया जाए। आपने जिस नारी शक्ति का अपमान किया है। वही नारी शक्ति आपको जवाब भी देगी और आपकी सही जगह भी दिखाएगी।

महिला आरक्षण से संबंधित विधेयक के पक्ष में कितने वोट पड़े?

लोकसभा में 17 अप्रैल यानी शुक्रवार को संसद में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने वाले कानून में संशोधन और डीलिमिटेशन से जुड़े बिलों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों के बीच बहस के बाद वोटिंग हुई। वोटिंग के बाद संविधान में 131वां संशोधन बिल गिर गया। यह बिल महिला आरक्षण कानून में संशोधन के लिए लाया गया था। संसद में लाए गए इस बिल पर NDA दो तिहाई वोट हासिल करने में नाकाम रहा। इस बिल के पक्ष में 298 वोट मिले, जबकि इसके विरोध में 230 वोट डाले गए।

Published on:
19 Apr 2026 11:45 pm
Also Read
View All