राष्ट्रीय

क्या भारत में बदलने वाला है काम करने का तरीका? कैफे के बाद अब पार्क बन सकता है नया ऑफिस, क्या है ये कॉन्सेप्ट

Remote Working: वर्क फ्रॉम होम के बाद कैफे में काम करने का चलन बढ़ा है। अब दुबई और तेलंगाना में वर्क फ्रॉम पार्क की पहल ने काम करने के नए विकल्पों पर चर्चा शुरू कर दी है। जानिए क्या भारत के शहरों में पार्क नए ऑफिस बन सकते हैं और इसके सामने क्या चुनौतियां हैं।
3 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 6:09 PM IST
Work From Park India
Work From Park (Photo- AI)

Work From Park: कोरोना महामारी के बाद घर से काम करने यानी वर्क फ्रॉम होम का चलन बढ़ा। घर पर लोगों को बोरियत या परेशानी हुई तो कैफे को नया ऑफिस बनाना शुरू कर दिया। लैपटॉप, कॉफी और इंटरनेट के सहारे युवा प्रोफेशनल्स घंटों कैफे में बैठकर काम करने लगे। अब एक और नया कॉन्सेप्ट आया है, वर्क फ्रॉम पार्क (Work From Park) यानी की पार्क में बैठकर काम करना।

पहले इस कॉन्सेप्ट की शुरुआत दुबई में हुई थी और इसके बाद भारत में भी इसे विकसित करने की योजना है। इस पहल में तेलंगाना के साइबराबाद में ऐसे 30 पार्क विकसित करने की योजना बनाई गई है। ऐसे में यह सवाल खड़ा होता है कि क्या आने वाले समय में पार्क भी ऑफिस की जगह ले सकेंगे और क्या वहां काम करने से जुड़ी चुनौतियों का समाधान हो सकता है।

Work From Park का कॉन्सेप्ट दुबई से तेलंगाना पहुंचा

हाल ही में दुबई ने अल बरशा पॉन्ड पार्क में अपना पहला वर्क फ्रॉम पार्क शुरू किया है। दुबई म्युनिसिपैलिटी ने फ्लेक्सिबल वर्कस्पेस प्लेटफॉर्म लेट्सवर्क के साथ मिलकर यह पहल की है। यहां खुले वातावरण में काम करने के लिए डेस्क, वाई-फाई और चार्जिंग की सुविधा दी गई है। इसके अलावा इनडोर को-वर्किंग स्पेस भी है, जहां एक साथ 30 लोग बैठ सकते हैं। यहां एक दिन काम करने के लिए 50 दिरहम यानी दुबई की स्थानीय मुद्रा में शुल्क देना होता है। इसमें कॉफी भी शामिल है। मीटिंग रूम और लंबे समय के लिए डेस्क लेने की सुविधा भी है।

इसी तर्ज पर तेलंगाना की साइबराबाद म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (CMC) ने अपने इलाके में 30 वर्क फ्रॉम पार्क बनाने की योजना तैयार की है। इसके तहत पहले चरण में मजीदबांडा माधव हिल्स कॉलोनी में 1.5 एकड़ का पार्क और माधापुर में एक एकड़ का गार्डन विकसित किया जा रहा है। इनका उद्घाटन 1 जनवरी तक किए जाने की योजना है।

इन पार्कों में वाई-फाई, आरामदायक कुर्सियां, कैफेटेरिया, को-वर्किंग सीटिंग, मीटिंग हॉल, वॉकिंग ट्रैक, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग और टॉयलेट जैसी मूल सुविधाएं होंगी। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। ये पार्क सुबह से आधी रात तक खुले रहेंगे।

पार्क में काम करते लोग (प्रतिकात्मक तस्वीर-एआई)

क्या भारत के शहरों में पार्क बन सकते हैं नए ऑफिस?

ऐसे में सवाल उठता है कि क्या भारत में इस कॉन्सेप्ट को अपनाया जाएगा और क्या ज्यादा जगह वर्क फ्रॉम पार्क की शुरुआत की जाएगी। ऐसे में यही कहा जा सकता है कि यह एक यूनिक विचार है और बेंगलुरु, दिल्ली-एनसीआर और दूसरे बड़े शहरों में इसे विकसित किया जा सकता है।

हालांकि, इसके लिए केवल कुर्सियां और टेबल लगा देना काफी नहीं होगा। सुरक्षित इंटरनेट, बिजली, टॉयलेट, सुरक्षा और मौसम से बचाव की व्यवस्था जरूरी होगी। भारत में तेज गर्मी, बारिश और प्रदूषित हवा की समस्या भी खुले में काम करने के रास्ते में एक चुनौती है।

कैफे में काम करने की सुविधा, लेकिन परेशानी भी

वर्क फ्रॉम होम और हाइब्रिड वर्किंग ने काम करने की जगह को लेकर लोगों की सोच बदली है। ऐसे में अब ऑफिस जाना ही काम करने का एकमात्र विकल्प नहीं रह गया है। बेंगलुरु, मुंबई, दिल्ली-एनसीआर, हैदराबाद और पुणे जैसे शहरों में कैफे इस बदलाव का हिस्सा बन चुके हैं। लेकिन कैफे में घंटों बैठकर काम करना जितना आसान दिखता है, कारोबारियों के लिए उतना ही मुश्किल भी है।

क्योंकि एक ग्राहक अगर सिर्फ एक कॉफी लेकर तीन-चार घंटे टेबल पर बैठा रहता है तो उस दौरान दूसरे ग्राहक उस जगह का इस्तेमाल नहीं कर पाते। खासकर महंगे कैफे में कारोबार का नुकसान हो सकता है।

इसके अलावा हर कैफे में तेज और सुरक्षित इंटरनेट, चार्जिंग पॉइंट, आरामदायक कुर्सियां और शांत माहौल जैसी सुविधाएं भी नहीं होतीं। ऐसे में कैफे और ग्राहकों की जरूरतों के बीच तालमेल बैठाना आसान नहीं है।

क्या ऑफिस की जरूरत खत्म हो जाएगी?

पार्क या कैफे में काम करने की सुविधा बढ़ने का मतलब यह नहीं हो सकता कि ऑफिस की जरूरत खत्म हो जाएगी। हर तरह का काम खुले वातावरण में नहीं किया जा सकता। पार्कों में गोपनीयता की कमी हो सकती है, जबकि कैफे में शोर-शराबा काम में बाधा बन सकता है।

इसके अलावा ऑफिस में सहकर्मियों से बातचीत, सीनियर से सीखने और टीम के साथ मिलकर काम करने के मौके मिलते हैं। इसलिए आने वाले समय में ऑफिस, कैफे, को-वर्किंग स्पेस और पार्क एक-दूसरे के विकल्प के बजाय काम करने के अलग-अलग माध्यम बन सकते हैं।

Updated on:
23 Nov 2026, 6:09 PM IST
Published on: