राष्ट्रीय

दिल्ली विवेक विहार AC ब्लास्ट में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत पर सीएम रेखा गुप्ता ने जताया दुख

दिल्ली के विवेक विहार में भीषण आग हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक ही परिवार के 5 सदस्य शामिल हैं। देर रात लगी आग में लोग फंस गए। शवों की पहचान मुश्किल है। एसी ब्लास्ट की आशंका के बीच जांच जारी है, सीएम ने भी इस घटना पर दुख जताया है।

2 min read
May 03, 2026
Vivek Vihar Fire Tragedy(Image-ANI)

Vivek Vihar Fire Tragedy: दिल्ली के विवेक विहार इलाके में हुआ आग का यह हादसा सिर्फ एक खबर नहीं, बल्कि कई परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया है। बी-ब्लॉक की एक इमारत में देर रात अचानक लगी आग ने ऐसा कहर बरपाया कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। ज्यादातर लोग उस समय गहरी नींद में थे, इसलिए कोई बाहर निकलने की कोशिश भी नहीं कर पाया। धीरे-धीरे आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते हालात इतने भयावह हो गए कि 9 लोगों की जान चली गई। इनमें से पांच लोग एक ही परिवार के थे। इस परिवार में माता-पिता, उनका बेटा, बहू और महज डेढ़ साल का छोटा सा बच्चा शामिल था। सोचिए, एक ही घर में पूरी पीढ़ी खत्म हो गई।

ये भी पढ़ें

दिल्ली में बड़ा हादसा, विवेक विहार में हुआ एसी ब्लास्ट, 9 लोगों की मौत सहित कई घायल

एक ही परिवार के 5 लोग जल गए


घटना के बाद जो मंजर सामने आया, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। घर के अंदर सबकुछ जलकर राख हो चुका था। फर्नीचर, सामान, यहां तक कि बर्तन भी नहीं बचे। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि शव इतने बुरी तरह जल गए थे कि उनकी पहचान करना भी आसान नहीं था। परिजनों के मुताबिक, गौतमपुरी निवासी संजय जैन के बहनोई का परिवार इस हादसे का शिकार हुआ। उनके बहनोई अरविंद जैन, बहन अनिता जैन, उनका बेटा निशांक जैन, बहू आंचल और नन्हा पोता आरु सभी इस आग में झुलस गए। संजय जैन ने बताया कि जब वह सुबह मौके पर पहुंचे, तो अंदर का दृश्य बेहद डरावना था। उन्होंने कहा कि शरीर के अवशेष देखकर पहचान करना मुश्किल था।

वीडियो कॉल पर लगाई गुहार


इस हादसे से जुड़ी एक और बात दिल को झकझोर देती है। निशांक जैन और उनके भाई दीपक जैन की रात करीब 12 बजे वीडियो कॉल पर बात हुई थी। परिवार अगले दिन मानेसर जाने की तैयारी कर रहा था। लेकिन किसे पता था कि कुछ ही घंटों बाद सबकुछ बदल जाएगा। बताया जा रहा है कि तड़के करीब 3 बजे एसी में धमाका हुआ और आग लग गई। उसी समय निशांक ने अपने भाई को वीडियो कॉल किया और मदद के लिए गुहार लगाई। वह बार-बार कह रहे थे, 'भैया, बचा लो।' लेकिन हालात ऐसे थे कि कोई उनकी मदद नहीं कर सका। बाद में शवों की पहचान के लिए डीएनए जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है।

दिल्ली सीएम ने हादसे पर जताया दुख


इस दर्दनाक हादसे पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और मृतकों के परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। साथ ही, उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना भी की।

ये भी पढ़ें

चलती फ्लाइट से गेट खोलकर बाहर कूद गया यात्री, चेन्नई एयरपोर्ट का मामला, हिरासत में पैसेंजर
Updated on:
03 May 2026 03:46 pm
Published on:
03 May 2026 02:47 pm
Also Read
View All