एसडीएम किरण आंजना ने अस्पतालों, दुकानों, होटलों व अतिक्रमणों पर की ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हडक़ंप, इस कार्रवाई का अंदाज इतना सख्त और अप्रत्याशित था कि आमजन इसकी तुलना फिल्म नायक की कार्यशैली से करने लगे।
नीमच। मनासा शहर में बुधवार को प्रशासनिक अमले द्वारा अपूर्व व्यापक कार्रवाई की गई, जो पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही। मनासा एसडीएम किरण आंजना ने राजस्व, स्वास्थ्य, नगर परिषद, बिजली और खाद्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ मिलकर शहर में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस कार्रवाई का अंदाज इतना सख्त और अप्रत्याशित था कि आमजन इसकी तुलना फिल्म नायक की कार्यशैली से करने लगे।
अभियान के तहत निजी अस्पतालों में मानकों की जांच, किराना दुकानों में खाद्य सुरक्षा नियमों का अनुपालन, होटल-रेस्टोरेंट में स्वच्छता और अवैध अतिक्रमणों पर कार्रवाई एक साथ की गई। अचानक हुई इस सख्त कार्रवाई से व्यापारियों और विभिन्न संस्थानों में हडक़ंप की स्थिति बन गई। कई दुकानदारों ने तो अपने प्रतिष्ठानों के शटर तक गिरा दिए, जिससे शहर में एक अलग ही माहौल देखने को मिला। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान अनियमितताओं पर अंकुश लगाने और जनहित सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जारी रहेगा तथा भविष्य में भी ऐसी कार्रवाईयां की जाएंगी।
11 अस्पतालों का निरीक्षण, बिना अनुमति संचालित आईसीयू और लैब पर सवाल
सुबह लगभग 11 बजे से एसडीएम किरण आंजना प्रशासनिक टीम के साथ शहर के चिरंजीवी हॉस्पिटल, नाकोड़ा हॉस्पिटल, ग्लोबल हॉस्पिटल, लीलावती हॉस्पिटल, माधवम हॉस्पिटल, एसआर हॉस्पिटल और मजेजी नर्सिंग होम सहित कुल 11 निजी अस्पतालों के निरीक्षण पर पहुंचीं, निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में फायर सेफ्टी, आपातकालीन व्यवस्थाओं और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच की गई। कई अस्पतालों में बिजली का लोड निर्धारित सीमा से अधिक पाया गया, जिस पर बिजली विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने तथा लोड बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ड्रग विभाग के अधिकारियों को दवाइयों के स्टॉक और रिकॉर्ड की जांच के निर्देश भी दिए गए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ अस्पतालों में बिना वैध अनुमति के आईसीयू एवं लैब संचालित किए जा रहे थे। कई जगह स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं मिलीं। अब आने वाले समय में इन अस्पतालों पर क्या कार्रवाई होती है, यह देखने वाली बात होगी।
किराना दुकानों पर छापा, की एक्सपायरी सामग्री जब्त
अस्पतालों के निरीक्षण के बाद प्रशासनिक अमला शहर के गांधी मॉल और अन्य किराना प्रतिष्ठानों पर पहुंचा। इसके बाद टीम तुलसी किराना पहुंची, जहां जांच के दौरान कई एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने से अधिकारियों के भी होश उड़ गए। दुकान से पापड़, रसगुल्ले, बादाम, सेरलेक पाउडर सहित कई एक्सपायरी सामान जब्त किए गए और पंचनामा बनाकर कार्रवाई की गई। इस दौरान एसडीएम श्रीमती किरण आंजना स्वयं एक-एक सामान की बारीकी से जांच करती नजर आईं।
होटल और रेस्टोरेंट पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई
किराना दुकानों के बाद प्रशासनिक टीम होटल बालू पहुंची, जहां खाद्य विभाग के अधिकारी राजू सोलंकी और यशवंत शर्मा ने जांच की। निरीक्षण में करीब 5 क्विंटल मावा फ्रिज में रखा मिला। जांच के दौरान होटल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। खाद्य विभाग ने लस्सी, जामुन और एक्सपायरी डेट की दूध की थैली के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। एवं होटल बालू के खाद्य सामग्री के गोदाम को टीम द्वारा सील कर दिया गया।
अहिल्या ट्रस्ट की जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम
कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग और नगर परिषद की एक टीम बायपास स्थित खासगी देवी अहिल्या ट्रस्ट की जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची। यह कार्रवाई आरआई कुलदीप डामोर और नगर परिषद सीएमओ संजय पाटीदार के नेतृत्व में की जा रही थी। इस दौरान मंदिर पुजारी और अधिकारियों के बीच कहासुनी भी हुई। बाद में पुजारी द्वारा कुछ दस्तावेज प्रस्तुत किए जाने पर प्रशासनिक अमला वहां से लौट गया।
विधानसभा प्रश्न के बाद सीमांकन के लिए पहुंची एसएलआर
अल्हेड़-मोरवन चौराहे पर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और सीमांकन के संबंध में विधानसभा में प्रश्न लगाए जाने के बाद बुधवार को नीमच जिले से एसएलआर टीम मनासा पहुंची। जानकारी के अनुसार उक्त भूमि का पूर्व में सीमांकन किया जा चुका था, लेकिन आपत्तियां आने के बाद पुन एसएलआर टीम द्वारा सीमांकन की प्रक्रिया शुरू की गई। हालांकि आपत्तिकर्ता द्वारा फिर से आपत्ति दर्ज करवाने के कारण सीमांकन की कार्रवाई फिलहाल रोक दी गई है। नक्शा सुधार के बाद पुन सीमांकन किया जाएगा।
पूरे शहर में रही कार्रवाई की चर्चा
मनासा में हुई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई की चर्चा दिनभर लोगों की जुबान पर रही। आमजन का कहना था कि प्रशासन द्वारा इस प्रकार की कार्रवाई लगातार होती रहनी चाहिए ताकि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें। वहीं दूसरी ओर अचानक हुई इस कार्रवाई से व्यापारियों में भारी हडक़ंप मच गया। कई होटल संचालकों और किराना व्यापारियों ने कार्रवाई की सूचना मिलते ही अपने प्रतिष्ठानों के शटर बंद कर दिए।
कार्रवाई के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
इस व्यापक प्रशासनिक अभियान में मनासा एसडीएम किरण आंजना, तहसीलदार मुकेश निगम, नगर परिषद सीएमओ संजय पाटीदार, बिजली विभाग के दिनेश मालवीय, खाद्य विभाग के यशवंत शर्मा, राजू सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला कलेक्टर के निर्देशन पर आज शहर के निजी हॉस्पिटल में आवश्यक जाँच की गयी, साथ ही आवश्यक निर्देश दिये गए है वहीं किराना स्टोर पर भी जाँच की गयी है जो एक्सपायरी डेट की सामग्री है उसे जप्ती में लिया है एवं उसका नष्टीकरण किया जायेगा !
किरण आंजना एसडीएम मनासा