नई दिल्ली

‘क्या बड़े चेहरे बेनकाब होने का डर है?’, राम मंदिर में ‘चंदा चोरी’ के आरोपों पर चंपत राय को लेकर अरविंद केजरीवाल का सरकार पर बड़ा हमला

Arvind Kejriwal on Ram Mandir: राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के आरोपों पर अरविंद केजरीवाल का सरकार पर तीखा प्रहार। केजरीवाल ने पूछा कि '200 करोड़ कैश और हीरे-जवाहरात गायब होने के बाद भी चंपत राय को क्यों बचाया जा रहा है? क्या मुंह खुलने पर बड़े चेहरे बेनकाब होने का डर है?'

2 min read
Arvind Kejriwal on Ram Mandir
राम मंदिर में 'चंदा चोरी' के आरोपों पर चंपत राय को लेकर अरविंद केजरीवाल का सरकार पर बड़ा हमला, फोटो सोर्स- IANS

Arvind Kejriwal on Ram Mandir Donation Row: आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा और चंदा चोरी के मामले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। एक वीडियो संदेश जारी करते हुए केजरीवाल ने सीधे तौर पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूछा है कि करोड़ों रुपए की चोरी के गंभीर आरोप लगने के बाद भी आखिर चंपत राय को किसके इशारे पर बचाया जा रहा है और उन्हें अब तक पद से क्यों नहीं हटाया गया?

शुक्रवार को अयोध्या जाने का एलान कर चुके अरविंद केजरीवाल ने इस पूरे मामले पर सरकार से पांच सवाल पूछने की बात कही है, जिसकी शुरुआत उन्होंने मंगलवार को अपने पहले सवाल से की। अरविंद केजरीवाल ने वीडियो मैसेज में कहा कि राम मंदिर में देश-विदेश के श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए अरबों रुपये के चढ़ावे में बड़ी हेराफेरी हुई है। उन्होंने कहा 'खबरें आ रही हैं कि राम मंदिर से लगभग 200 करोड़ रुपए का कैश और कई कीमती हीरे-जवाहरात के बक्से चोरी हो गए हैं। जैसे-जैसे यह बात सामने आ रही है, देश का हर राम भक्त और सनातनी गहरे दुख में है। लोगों के मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ऐसा कैसे हो सकता है। इस मामले में कुल 5 मुख्य सवाल हैं, जिनमें से पहला सवाल आज मैं सरकार के सामने रख रहा हूं।'

'कौन है चंपत राय और उन्हें क्यों मिल रहा है संरक्षण?'

केजरीवाल ने ट्रस्ट के प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए सीधे चंपत राय को निशाने पर लिया। उन्होंने पूछा कि जो व्यक्ति पूरे मंदिर के प्रबंधन का सर्वेसर्वा है, उस पर उंगलियां उठने के बाद भी वह पद पर कैसे बना हुआ है? पूर्व सीएम ने कहा 'इस मंदिर ट्रस्ट को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा बनाया गया था। चंपत राय इसके जनरल सेक्रेट्री हैं और पूरा प्रबंधन उन्हीं के हाथ में है। जब सबसे ज्यादा आरोप उन पर ही लग रहे हैं, तो उन्हें पद से हटाया क्यों नहीं गया? क्या उन्हें इसलिए समय दिया जा रहा है ताकि वह सारे सबूत और गवाहों को खत्म कर सकें?' इसके साथ ही केजरीवाल ने आगे पूछा कि आखिर कौन है चंपत राय? वह ना तो कोई संत हैं और ना ही महात्मा। बाजार में बड़े-बड़े नाम लिए जा रहे हैं कि वह फलां बड़े नेता के आदमी हैं। जनता यह जानना चाहती है कि उन्हें कौन बचा रहा है?'

'मुंह खुला तो बेनकाब हो जाएंगे कई बड़े चेहरे'

आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर इस वीडियो को साझा करते हुए लिखा कि करोड़ों की इस चंदा चोरी को लेकर राम भक्तों में भारी आक्रोश है। उन्होंने आशंका जताते हुए सरकार को घेरा कि क्या चंपत राय को पद से ना हटाने के पीछे कोई बड़ी मजबूरी है? केजरीवाल ने सवाल दागा कि 'क्या सरकार को इस बात का डर सता रहा है कि अगर चंपत राय ने अपना मुंह खोल दिया, तो सत्ता में बैठे कई बड़े और रसूखदार चेहरे बेनकाब हो जाएंगे?' उन्होंने कहा कि वह अगले दो-तीन दिनों में इस घोटाले से जुड़े बाकी चार सवाल भी जनता के सामने रखेंगे।

Published on:
23 Jun 2026 01:08 pm