नई दिल्ली

‘राजा वारिंग VS ऑल, हर जगह टुकड़े-टुकड़े हुई कांग्रेस!’ पूनावाला ने गिनाए चन्नी, गहलोत और पायलट के नाम

Congress internal conflict: बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस की कथित अंदरूनी गुटबाजी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पंजाब, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में नेताओं के बीच चल रहे मतभेदों का जिक्र करते हुए कांग्रेस के नेतृत्व और संगठन पर सवाल उठाए। पूनावाला के बयान के बाद कांग्रेस की आंतरिक राजनीति और गुटबाजी को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
2 min read
Shahzad Poonawalla
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस की कथित अंदरूनी गुटबाजी पर तीखा हमला बोला। फोटो सोर्स- एएनआइ

BJP on Congress: कांग्रेस पार्टी के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान और नेताओं की आपसी बयानबाजी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक बार फिर बड़ा हमला बोला है। बीजेपी नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा है कि पार्टी के भीतर नेताओं की आपसी लड़ाई अब किसी ड्रामेटिक 'OTT सीरिज' जैसी हो चुकी है, जिसका अगला एपिसोड हर दिन सामने आता है। दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए पूनावाला ने पंजाब से लेकर कर्नाटक और राजस्थान तक कांग्रेस के भीतर मचे घमासान की पूरी लिस्ट गिना दी।

नेताओं की आपसी जंग थमने का नाम नहीं ले रही

शहजाद पूनावाला ने विशेष रूप से पंजाब कांग्रेस का जिक्र करते हुए कहा कि हर रोज पंजाब कांग्रेस से एक नए कलेश की कहानी निकलकर सामने आती है। वहां कभी मनीष तिवारी नाराज हो जाते हैं, कभी सुखजिंदर सिंह रंधावा नाराज हो जाते हैं, तो कभी पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की नाराजगी सामने आ जाती है। उन्होंने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में इस वक्त 'राजा वारिंग बनाम सभी' की जो OTT सीरिज चल रही है, उसका ग्राफ लगातार बढ़ता ही जा रहा है। नेताओं की यह आपसी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है।

पूरी पार्टी में सिर्फ भ्रम का माहौल

बीजेपी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि इस तरह के हालात साफ तौर पर यह दिखाते हैं कि कांग्रेस के पास न तो कोई ठोस नीति है, न कोई मजबूत नेता है और न ही कोई केंद्रीय नेतृत्व बचा है। पूरी पार्टी में सिर्फ भ्रम का माहौल है और हर नेता के भीतर बस किसी भी तरह पद पाने की अंधी महत्वाकांक्षा बची है।

पूनावाला ने कहा कि यह बीमारी सिर्फ पंजाब तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के हर उस राज्य में है जहां कांग्रेस सत्ता में है या मजबूत रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यही स्थिति कर्नाटक कांग्रेस में सिद्धरमैया बनाम डी.के. शिवकुमार की है। हिमाचल प्रदेश में चले जाएं तो वहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बनाम प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का विवाद जगजाहिर है। वहीं, राजस्थान कांग्रेस में अशोक गहलोत बनाम सचिन पायलट की अंदरूनी जंग से हर कोई वाकिफ है।

बयान के बाद छिड़ी गुटबाजी पर बहस

शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर चौतरफा घेराबंदी करते हुए दावा किया कि आज हर राज्य में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से 'टुकड़े-टुकड़े' हो चुकी है। चाहे पंजाब की बात हो या फिर देश के बाकी हिस्सों की, कांग्रेस के पास अपने कुनबे को संभालने का कोई रास्ता नहीं बचा है और पार्टी बिखरने की कगार पर खड़ी है। राजनीतिक गलियारों में पूनावाला के इस बयान के बाद एक बार फिर कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और गुटबाजी पर बहस छिड़ गई है।

Updated on:
06 Jul 2026 05:17 pm
Published on:
06 Jul 2026 05:17 pm