
CBSE Board Exam: देश की सबसे प्रतिष्ठित बोर्ड परीक्षा CBSE के बीच एक ऐसी घटना घटी है जिसने न केवल छात्रों के होश उड़ा दिए हैं, बल्कि शिक्षा जगत में भी हड़कंप मचा दिया है! एप्लाइड मैथमेटिक्स Applied Mathematics के पेपर में छात्रों के साथ वो हो गया, जिसकी कल्पना उन्होंने सपने में भी नहीं की थी। प्रश्न पत्र पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन करने पर यूट्यूब पर एक विदेशी गाना बजने लगा, जो रिकरोल मीम से जुड़ा है।
शिक्षा जगत में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सोमवार को आयोजित एप्लाइड मैथमेटिक्स की परीक्षा किसी म्यूजिकल कंसर्ट में तब्दील होती दिखी। दरअसल, प्रश्नपत्र की सुरक्षा और कोड वेरिफिकेशन के लिए दिए गए QR कोड को जब स्कैन किया गया, तो उसने कोई फॉर्मूला या डेटा दिखाने के बजाय सीधे यूट्यूब का रास्ता खोल दिया, जहां एक विदेशी गाना बजने लगा। देखते ही देखते परीक्षा केंद्रों पर सन्नाटे की जगह हंसी के ठहाके गूंजने लगे और जो कोड सुरक्षा की दीवार बनना था, वह बोर्ड की जगहंसाई का जरिया बन गया। सोशल मीडिया पर छात्र इसे सीबीएसई का सबसे बड़ा डिजिटल प्रैंक बता रहे हैं। तो वहीं परीक्षा केंद्रों पर मौजूद शिक्षकों के बीच भी बोर्ड की इस भारी तकनीकी चूक को लेकर जमकर खिल्ली उड़ाई जा रही है।
सीबीएसई ने इस पूरे मामले पर अपनी सफाई देते हुए स्थिति साफ कर दी है। बोर्ड का कहना है कि प्रश्न पत्रों की सुरक्षा और उनकी प्रामाणिकता जांचने के लिए उनमें QR कोड जैसे कई सुरक्षा फीचर्स डाले जाते हैं। बोर्ड ने स्वीकार किया कि कुछ प्रश्न पत्र सेट में ऐसा हुआ है जहां QR कोड स्कैन करने पर यूट्यूब वीडियो का लिंक खुल रहा है। हालांकि, सीबीएसई ने यह भरोसा दिलाया है कि इससे पेपर की गोपनीयता या सुरक्षा पर कोई फर्क नहीं पड़ा है और पेपर पूरी तरह सुरक्षित है।
सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रश्न पत्र पूरी तरह जेन्युइन हैं और उनकी सुरक्षा में किसी प्रकार की कोई समझौता नहीं हुआ है। बोर्ड ने यह भी कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
कोड को स्कैन करने पर यूजर्स को रिक एस्टली के 1987 के गाने 'नेवर गोना गिव यू अप' पर रीडायरेक्ट किया गया, इंटरनेट पर इसे "रिकरोल" मीम के नाम से जाना जाता है।