
Delhi mall incident Vijeta Dahiya: नीट (NEET) परीक्षा धांधली को लेकर चल रहे विरोध-प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के पूर्व प्रवक्ता विजेता दहिया के साथ दिल्ली के एक मॉल में धक्का-मुक्की और बदसलूकी का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जो 20 जुलाई को हुए संसद मार्च के बाद का बताया जा रहा है।
इस वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दो युवक विजेता दहिया को रोकते हैं और संत प्रेमानंद महाराज पर उनके द्वारा की गई कथित टिप्पणी को लेकर तीखे सवाल करते हैं। बहस के दौरान एक युवक ने आंदोलन से गायब रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि 'वहां सड़कों पर स्टूडेंट मार खा रहे हैं और तू यहां आराम से मॉल में घूम रहा है?'
हरियाणा के सोनीपत के निवासी विजेता दहिया को 21 जुलाई को बर्गर खाते हुए एक वीडियो वायरल होने के बाद CJP ने प्रवक्ता पद से हटा दिया था। मीडिया से बातचीत में दहिया ने दोनों विवादों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि 'मैं पद से हटाए जाने के बावजूद आज भी CJP का सच्चा समर्थक हूं। इससे पहले जब पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके का कचौरी खाते हुए वीडियो वायरल हुआ था, तब मैंने ही आगे आकर उनका बचाव किया था।' आंदोलन से दूरी के आरोपों पर कहा कि 'यह आरोप पूरी तरह गलत है। मैं लगातार 48 घंटे तक आंदोलन स्थल पर डटा रहा। बिना किसी निजी स्वार्थ के मैंने अपना कामकाज छोड़कर छात्रों की लड़ाई का समर्थन किया है।'
विवाद बढ़ने के बाद विजेता दहिया ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह पिछले करीब डेढ़ महीने से आंदोलन में लगातार सक्रिय हैं और पिछले दो दिनों से उन्हें ठीक से सोने तक का मौका नहीं मिला। बर्गर को लेकर उठे विवाद पर उन्होंने कहा कि 'भूख लगने पर कोई भी खाना खाता है। मुझे इस आंदोलन में शामिल होने के लिए कोई पैसा नहीं मिलता और न ही किसी ने मुझे इसके लिए नियुक्त किया है। मैं अपनी इच्छा से देश और छात्रों के लिए खड़ा हूं। अगर मुझे भूख लगेगी तो मैं बर्गर भी खाऊंगा।'