Vasant Kunj Cloud Kitchen Controversy: वसंत कुंज में 24/7 क्लाउड किचन के मालिक ने दिल्ली पुलिस पर रिश्वत मांगने और 'टांगें तोड़ने' की धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपों को नकारा।
Delhi Crime News : देश की राजधानी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में स्थित 'ग्लिस्को किचन्स' के मालिक गगनदीप सिंह सपरा ने पुलिसकर्मियों पर उत्पीड़न और डराने-धमकझाने का आरोप लगाया है। गगनदीप का कहना है कि पुलिस ने उन्हें रात 10 बजे के बाद आउटलेट खुला रखने पर 'टांगें तोड़ने' की धमकी दी और बाद में काम जारी रखने के एवज में 'सेटिंग' करने को कहा।
गगनदीप सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सिलसिलेवार पोस्ट के जरिए अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब 2:30 बजे पुलिस की वर्दी में कुछ लोग किचन में घुसे और काम बंद करने को कहा। गगनदीप ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने मदद के लिए 112 नंबर पर कॉल किया, तो पुलिस ने उन्हीं कर्मियों को मदद के लिए भेज दिया जिन्होंने पहले धमकी दी थी। उन्होंने लिखा, 'पीसीआर में आए बीट अधिकारियों ने सीधा जवाब दिया कि 'आप अपनी सेटिंग कर लो, जो देना होता है महीने का वो दो, हम आपकी शिकायत भी दर्ज नहीं करेंगे'।'
क्लाउड किचन की पार्टनर हरप्रीत कौर सपरा ने बताया कि उन्हें रात 10 बजे के बाद काम बंद करने को कहा गया, जबकि उनके पास 24 घंटे संचालन का लाइसेंस है। गगनदीप ने बताया कि पुलिस के डर और इस विवाद के कारण उन्होंने वसंत कुंज में रात का संचालन बंद कर दिया है। इससे उनके 6 कुशल कर्मचारियों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।
वहीं, दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए X पर जवाब दिया। पुलिस के मुताबिक, इलाके में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर गश्त की जा रही थी। साथ ही क्लाउड किचन के बाहर डिलीवरी वाहनों की भारी भीड़ के कारण ट्रैफिक की समस्या पैदा हो रही थी। पुलिस ने यह भी कहा कि स्थानीय निवासियों की ओर से देर रात होने वाली गतिविधियों और शोर-शराबे को लेकर शिकायतें मिली थीं।
दिल्ली पुलिस ने रिश्वत के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों का कोई गलत इरादा नहीं पाया गया है। हालांकि, पुलिस ने गगनदीप को सलाह दी है कि वे सबूतों के साथ सतर्कता विभाग (Vigilance Department) में विस्तृत शिकायत दर्ज कराएं ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।