17 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘आधे घंटे में घर पहुंच रहा हूं’, दिल्ली में IPL मैच देखकर लौट रहे दो चचेरे भाइयों की सड़क हादसे में मौत

Delhi Road Accident Ashoka Road: दिल्ली के अशोक रोड पर भीषण सड़क हादसा, आईपीएल मैच देखकर लौट रहे दो चचेरे भाइयों की मौत। पुलिस कर रही हिट एंड रन मामले की जांच।
2 min read
Google source verification
Delhi Road Accident Ashoka Road

आईपीएल मैच देखकर लौट रहे दो चचेरे भाइयों की मौत

Hit and Run Delhi: राजधानी दिल्ली का पार्लियामेंट स्ट्रीट इलाका सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे का गवाह बना। अशोक रोड पर महादेव रोड टी-पॉइंट के पास हुए एक 'हिट एंड रन' मामले में 20 साल के यज्ञ भाटिया और उसके 14 साल के चचेरे भाई अभाव भाटिया की जान चली गई। दरअसल, दोनों भाई दिल्ली और आरसीबी का आईपीएल मैच देखकर अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

पिता से हुई वो आखिरी बात

हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि 14 वर्षीय अभाव ने अपनी मौत से कुछ ही मिनट पहले अपने पिता को फोन किया था। उसने बड़े उत्साह के साथ कहा था, 'पापा, हम बस आधे घंटे में घर पहुंच जाएंगे।' पिता को क्या पता था कि बेटे की यह आवाज वे आखिरी बार सुन रहे हैं। घर पर इंतजार कर रहे परिजनों के पास आधे घंटे बाद मौत की खबर पहुंची।

हादसे का मंजर और पुलिस की कार्रवाई

रात करीब 10:30 बजे पुलिस को पीएनबी कॉम्प्लेक्स के सामने एक्सीडेंट की सूचना मिली। जब तक पुलिस टीम मौके पर पहुंची, दोनों भाई लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े थे। उन्हें तुरंत राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यज्ञ भाटिया BSc का छात्र था, जबकि अभाव अभी स्कूल में पढ़ाई कर रहा था।

'हिट एंड रन' का मामला, आरोपी फरार

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल की स्थिति देखकर साफ लग रहा है कि टक्कर मारने वाला वाहन तेज रफ्तार में था। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। साथ ही अशोक रोड और आसपास के रूट पर लगे सभी CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटनास्थल की फोरेंसिक जांच के लिए डिस्ट्रिक्ट क्राइम टीम को भी बुलाया गया है।

परिवार में पसरा मातम

अशोक नगर में रहने वाले भाटिया परिवार में इस घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है। आईपीएल मैच देखने का उत्साह चंद मिनटों में मातम में बदल गया। चश्मदीदों के बयान के आधार पर पुलिस उस घातक वाहन की पहचान करने की कोशिश कर रही है जिसने दो युवाओं की जिंदगी छीन ली।