नई दिल्ली

4 लाख से ज्यादा फॉलोअर, चचिर्त चेहरा और फिर झाड़ियों में मिली लाश, हत्या की FIR दर्ज

crime news delhi: दिल्ली के चर्चित यूट्यूबर आकाश का शव आनंद विहार की झाड़ियों में मिला; परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही और रिश्वतखोरी का गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की FIR दर्ज कराई है।
2 min read
Mar 10, 2026
Feature image

Crime News Delhi: पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार इलाके में सोमवार को एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है, जो मंडावली का रहने वाला था और पेशे से एक यूट्यूबर था। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

7 मार्च से गायब आकाश के घर में सन्नाटा था, लेकिन मंडावली थाने में शिकायत के बावजूद पुलिस की फाइलों में कोई हलचल नहीं हुई। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने गुमशुदगी की रिपोर्ट तो दर्ज कराई, लेकिन पुलिस की ढीली कार्यशैली ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। अगर वक्त रहते एक्शन होता, तो शायद नतीजा कुछ और होता।

परिवार ने खुद ढूंढा शव

हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने सिर्फ मोबाइल लोकेशन बताकर अपना पल्ला झाड़ लिया। जब आनंद विहार की लोकेशन मिली, तो खाकी की राह ताकने के बजाय बेबस परिवार खुद जंगल की खाक छानने निकल पड़ा। घंटों की मशक्कत के बाद झाड़ियों में आकाश का बेजान शरीर देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिवार की सूचना पर पहुंची आनंद विहार पुलिस ने मंडावली थाने को इत्तिला दी। अब पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच का चक्र घुमाया है।

सोशल मीडिया पर 4 लाख से ज्यादा फॉलोअर

आकाश मंडावली इलाके में अपने परिवार के साथ रहते थे और कपड़ों का शोरूम चलाते थे। सोशल मीडिया पर उनके चार लाख से ज्यादा फॉलोअर बताए जा रहे हैं। परिवार में माता-पिता, पत्नी और दो साल की बेटी है।

पुलिसकर्मी पर सीडीआर के लिए 10 हजार रुपये मांगने का आरोप

आकाश के परिजनों ने इस मामले में पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जांच कर रहे एक पुलिसकर्मी ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवाने के नाम पर उनसे 10 हजार रुपये भी लिए थे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Updated on:
10 Mar 2026 03:20 pm
Published on:
10 Mar 2026 03:20 pm