Delhi CM: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उन पर हुए हमले के बाद जारी अपने वीडियो संदेश में कहा कि वह कठिन परिस्थितियों से लड़ने की आदी हैं और किसी भी नकारात्मक शक्ति से भयभीत नहीं होंगी। बुधवार को सिविल लाइंस स्थित उनके सरकारी आवास पर जनसुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने उन पर हमला किया था।
Delhi CM: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने शनिवार को अपने जीवन का वो किस्सा सुनाया, जिसमें उनका पूरा चेहरा एक अग्निकांड में झुलस गया था। करीब एक से डेढ़ महीने तक उन्हें इलाज करवाना पड़ा था। यह किस्सा सीएम रेखा ने उस हमले को लेकर सुनाया, जो पिछले दिनों जनसुनवाई के दौरान उनपर किया गया था। इसके साथ ही उन्होंने हमलावरों और अपने विरोधियों को खुली चुनौती भी दी है। दूसरी ओर दिल्ली के 14 भाजपा जिलाध्यक्षों ने शनिवार को सीएम रेखा गुप्ता से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की गई।
“मुझे तो तूफानों से जूझने की आदत है। मैं जब डूसू प्रेसीडेंट थी तो हम लोग एक प्रदर्शन कर रहे थे। वारिशनगर चौक पर हमने कुछ पुतले जलाए। मैं अध्यक्ष थी तो मासिस की तीली मुझे लगानी थी। एक समझदार व्यक्ति ने ऐसा कारनामा किया तो आपको हैरान कर देगा। उसने पुतले जलाने के लिए मिट्टी का तेल नहीं मिलने पर उसपर पेट्रोल डाल दिया। मैंने जैसे ही माचिस की तीली जलाई, तेज से आग उठी और मेरा पूरा चेहरा जल गया। लगभग एक से डेढ़ महीना मेरा इलाज चला। मैं कॉलेज की स्टूडेंट थी, यूनिवर्सिटी की प्रेसीडेंट थी। छोटी थी फिर भी मुझे लगता था कि रुकना नहीं है, चलते रहना है। आज तो दिल्ली की जनता का प्यार और आर्शीवाद मेरे साथ है। आप सबने मुझे दिल्ली की जिम्मेदारी सौंपी है तो आज मैं शक्तियों का अंबार हूं। मैं किसी आसुरी शक्ति से डरने वाली नहीं हूं।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से शनिवार को 14 जिलों के भाजपा अध्यक्षों ने उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान सभी नेताओं ने मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य की जानकारी ली और एक बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में दिल्ली के विभिन्न जिलों में संगठनात्मक कार्य को और बेहतर बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। भाजपा नेता दीपक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी जिला अध्यक्षों का गर्मजोशी से स्वागत किया और जिला स्तर पर कार्य योजनाओं पर विशेष ध्यान देने का आश्वासन दिया। वहीं भाजपा नेता विनोद ने मुख्यमंत्री पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि रेखा गुप्ता मजबूत इरादों वाली नेता हैं, जो किसी भी परिस्थिति में जनता की सेवा से पीछे नहीं हटेंगी।
मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि दिल्ली सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जिला अध्यक्षों को समय-समय पर दी जाएगी ताकि वे जनता तक सही जानकारी पहुँचा सकें। उन्होंने जनसुनवाई के दौरान हुए हमले के बाद अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि अब जनसुनवाई केवल आवास तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दिल्ली की हर विधानसभा में आयोजित की जाएगी। उनकी सुरक्षा को ज़ेड प्लस श्रेणी में अपग्रेड किया गया है और दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है। रेखा गुप्ता ने साफ कहा कि “आपकी मुख्यमंत्री न कभी डरेगी, न थकेगी और न हारेगी। जब तक दिल्ली को उसके अधिकार नहीं मिल जाते, मैं संघर्ष करती रहूंगी।”
हमले के दो दिन बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दोबारा औपचारिक रूप से कार्यभार संभालते हुए स्पष्ट किया कि वह न कभी डरेंगी और न ही हार मानेंगी। उन्होंने राजधानी दिल्ली के अधिकारों की लड़ाई को जारी रखने का संकल्प दोहराया। शुक्रवार को यमुना पार गांधी नगर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संघर्ष करना ही उनका “अटल संकल्प” है। मुख्यमंत्री ने जनता से कहा, “आपकी मुख्यमंत्री न तो डरेगी, न थकेगी और न ही हार मानेगी। मैं तब तक संघर्ष करती रहूंगी जब तक दिल्ली को उसके अधिकार नहीं मिल जाते। यह मेरा अटल संकल्प है।” उल्लेखनीय है कि बुधवार सुबह गुजरात के राजकोट निवासी राजेशभाई खिमजी ने सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में ‘जनसुनवाई’ के दौरान उन पर हमला किया था। घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया।