नई दिल्ली

दिल्ली में दिल दहला देने वाली वारदात: 60 साल के दिव्यांग चौकीदार को डंडे से पीटा, फिर दो बार कार से कुचलकर मार डाला

Delhi Murder Case: दिल्ली के पीरागढ़ी में रविवार सुबह एक 60 वर्षीय दिव्यांग चौकीदार बिजेंद्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहले उनसे बहस की, डंडे से पीटा और फिर एक एसयूवी कार से दो बार कुचलकर मार डाला। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
2 min read
May 24, 2026
delhi crime peeragarhi
photo ai

CCTV Footage of Murder: देश की राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पीरागढ़ी गांव के एक टेंपो स्टैंड पर चौकीदारी करने वाले 60 साल के दिव्यांग बुजुर्ग, बिजेंद्र की एसयूवी कार से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह खौफनाक वारदात रविवार सुबह करीब चार बजे की है। शुरुआत में इसे सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद साफ हुआ कि यह कोई दुर्घटना नहीं बल्कि सोची-समझी हत्या थी।

सुबह 4:03 बजे पुलिस को मिली दुर्घटना की खबर

बाहरी जिला के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि रविवार तड़के करीब 4:03 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि पश्चिम विहार पश्चिम के पीरागढ़ी टेंपो स्टैंड पर एक व्यक्ति सड़क हादसे में घायल हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। वहां बिजेंद्र बेहोशी की हालत में मिले। उन्हें बिना वक्त गंवाए पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सड़क पर टायर फिसलने के निशान से खुला राज

शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल पर गाड़ी फिसलने और ब्रेक लगाने के निशान मिले। इन निशानों को देखकर पुलिस को शक हुआ कि मामला सिर्फ आम हादसे का नहीं है। सच का पता लगाने के लिए पुलिस ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो हत्या की इस खौफनाक वारदात का पर्दाफाश हो गया।

डंडे से पीटा, फिर दो बार चढ़ाई एसयूवी कार

सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि वारदात से पहले एक एसयूवी कार आकर रुकती है। गाड़ी में से एक शख्स नीचे उतरा और चौकीदार बिजेंद्र के पास गया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस होने लगी। देखते ही देखते आरोपी ने डंडे से बिजेंद्र की पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद एसयूवी के ड्राइवर ने उन्हें कुचलने की कोशिश करने लगा। पहली बार वहां से भागते हुए ड्राइवर ने बिजेंद्र पर कार चढ़ाई, और फिर दोबारा गाड़ी बैक करके वापस आकर उन्हें बेरहमी से कुचल दिया।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा

इस रोंगटे खड़े कर देने वाले सीसीटीवी फुटेज के सामने आने के बाद, पश्चिम विहार थाना पुलिस ने मामले को हत्या की धाराओं में दर्ज कर लिया है। पुलिस अब कार के नंबर प्लेट की मदद से आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है।

Updated on:
24 May 2026 06:46 pm
Published on:
24 May 2026 06:46 pm