नई दिल्ली

Unbreakable Screening Bans: अरविंद केजरीवाल से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग पर क्यों लगी रोक? दिल्ली पुलिस ने बताई बड़ी वजह

Unbreakable Screening Bans: दिल्‍ली चुनाव 2025 के बीच आम आदमी पार्टी से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग पर दिल्ली पुलिस ने रोक लगा दी है। इसके बाद 'आप' संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है।

3 min read

Unbreakable Screening Bans: दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर चल रहे सियासी दंगल के बीच 'आप' को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली 'आप' से जुड़ी एक डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग पर रोक लगा दी है। ‘अनब्रेकेबल’ (Unbreakable) के नाम से यह डॉक्यूमेंट्री फिल्म आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, सत्येंद्र जैन जैसे बड़े नेताओं की जेल यात्रा पर बनाई गई है। शनिवार को इसकी स्क्रीनिंग पर रोक लगने के बाद अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला है।

अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर बोला सियासी हमला

आम आदमी पार्टी पर बनी डॉक्यूमेंट्री ‘अनब्रेकेबल’ (Unbreakable) की स्क्रीनिंग पर दिल्ली में रोक लगने के बाद अरविंद केजरीवाल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भाजपा का घेराव किया है। अरविंद केजरीवाल ने लिखा "एक फ़िल्म बनी है। आज जहाँ इस फ़िल्म को पत्रकारों को दिखाया जाना था, वहाँ देखिए, कितनी भारी संख्या में पुलिस लगाकर बीजेपी ने इस फ़िल्म को दिखाने से रोक दिया। बीजेपी इस फ़िल्म से बुरी तरह से डरी हुई है।"

अरविंद केजरीवाल ने आगे लिखा "आख़िर क्यों? बीजेपी इस फ़िल्म को क्यो रोकना चाहती है? इस फ़िल्म में आख़िर ऐसा क्या है जिससे बीजेपी डरी हुई है? ये फ़िल्म पर्दे के पीछे के उन सब रहस्यों को उजागर करती है जब ग़लत तरीक़े से “आप” के नेताओं को गिरफ़्तार किया गया था। ये बीजेपी सरकार के ग़ैर क़ानूनी और ग़ैर संवैधानिक कामों को उजागर करती है।"

अब जानिए डॉक्यूमेंट्री से जुड़ा पूरा मामला

दरअसल, आम आदमी पार्टी पर बनी डॉक्यूमेंट्री “अनब्रेकेबल” में अरविंद केजरीवाल के 10 सालों के काम के साथ ही जेल के दौरान उनके संघर्ष और बाहर उनकी पार्टी के मजबूती से लड़ने की कहानी दिखाई गई है। शनिवार सुबह साढ़े 11 बजे इस डॉक्यूमेंट्री की दिल्ली के सिनेमाघरों में स्क्रीनिंग होनी थी। आम आदमी पार्टी ने शनिवार सुबह 11:30 बजे दिल्ली में आईटीओ के पास बहादुर शाह जफर मार्ग पर प्यारे लाल भवन में 'अनब्रेकेबल' की मीडिया स्क्रीनिंग का कार्यक्रम रखा था। 'आप' पदाधिकारियों का दावा है कि दिल्‍ली के थिएटर मालिकों को धमकाकर इसकी स्क्रीनिंग रुकवाई गई है।

डॉक्‍यूमेंट्री के सहारे हर वर्ग को साधने की कोशिश

दिल्ली विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी इस डॉक्यूमेंट्री को लॉन्च करना चाहती थी। इसके पीछे का मकसद ये था कि इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म के जरिए अरविंद केजरीवाल के संघर्ष और कामों को दिल्ली की जनता तक पहुंचाया जाए। आम आदमी पार्टी अलग-अलग भाषाओं में अपने चुनावी कैंपेन के गाने भी लॉन्च कर चुकी है। इसमें पंजाबी और भोजपुरी भाषा को भी शामिल किया गया है। यानी दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 से पहले आम आदमी पार्टी दिल्ली के हर वर्ग और हर समाज को साधने की कोशिश में जुटी है। इस डॉक्यूमेंट्री के वीडियो, गाने भी शेयर किए जा रहे हैं।

दिल्ली पुलिस ने डॉक्यूमेंट्री पर रोक की बताई वजह

आम आदमी पार्टी जहां डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग पर रोक लगने के बाद भाजपा पर हमलावर है। वहीं दिल्ली पुलिस ने इसकी वजह बताई है। दिल्ली पुलिस ने बताया "आम आदमी पार्टी की डॉक्यूमेंट्री 'अनब्रेकेबल' की स्क्रीनिंग के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई। इसलिए यह चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन होगा। हम सभी दलों से इस समय चुनाव नियमों और कानूनों का पालन करने का आग्रह करते हैं। चूंकि चुनाव घोषित हो चुके हैं, इसलिए राजनीतिक दलों को डीईओ कार्यालय में सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से अनुमति के लिए आवेदन करना होगा। चुनाव के दौरान यह एक मानक प्रक्रिया है।" इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने यह भी स्‍पष्ट किया है कि दिल्ली पुलिस चुनाव के समय ऐसी अनुमति नहीं दे सकती, क्योंकि राजनीतिक गतिविधियों के लिए सभी तरह की अनुमति संबंधित डीईओ कार्यालय में सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से दी जाती हैं।

Also Read
View All

अगली खबर