नई दिल्ली

Delhi Elections 2025: RTI ने केजरीवाल को फिर बेनकाब किया…भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने किया नया दावा

Delhi Elections 2025: भाजपा नेता प्रवेश वर्मा का दावा है कि दिल्ली की AAP सरकार ने पिछले 10 साल में DTC के लिए एक भी नई बस नहीं खरीदी और हजारों की संख्या में पहले से बसें कम कर दी हैं।

2 min read

Delhi Elections 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर देश की राजधानी का सियासी माहौल गर्म है। इस दौरान सभी राजनीतिक दल एक-दूसरे की खामियां बताकर खुद को बेहतर बताने की कोशिश कर रहे हैं। शनिवार को पहले आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर लोगों को पैसे और सामान बांटकर वोट खरीदने का आरोप लगाया। इसके बाद भाजपा नेता और नई दिल्ली विधानसभा सीट से प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल को भ्रष्टाचारी बताते हुए दिल्ली की महिलाओं को धोखा देने का आरोप लगा दिया।

भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने क्या कहा?

शनिवार को नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने अपने सोशल मीडिया ‘X’ अकाउंट पर एक पोस्ट डाली। इसमें उन्होंने लिखा “दिल्ली की AAP सरकार ने पिछले 10 साल में DTC के लिए एक भी नई बस नहीं खरीदी और हजारों की संख्या में पहले से बसें कम कर दी हैं। महिलाओं को फ्री बस का झूठा वादा करने वाले अरविंद केजरीवाल पहले ये बताएं कि जब DTC के पास बसें ही पर्याप्त नहीं हैं तो महिलाएं फ्री में क्या केजरीवाल की करोड़ों की कार में सफर करें। ऊपर से पुरानी बसों के ब्रेकडाउन का प्रतिशत करीब 30% है। जो पहले करीब 5% था और खराब बसों को फर्जी ठीक करने के नाम पर केजरीवाल करोड़ों रुपये निरंतर भ्रष्टाचार के जरिये डकार रहा है। जो ये इलेक्ट्रॉनिक बसें नई आई हैं वो तो केंद्र की मोदी सरकार ने दिल्ली की जनता की समस्याओं को सुलझाने और प्रदूषण को कम करने के लिए दी हैं।” इस पोस्ट में प्रवेश वर्मा ने डीटीसी से जारी आरटीआई के जवाब की कॉपी भी अटैच की है।

अरविंद केजरीवाल का भ्रष्टाचार से भरा कार्टून जारी

इससे पहले भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने अपने सोशल मीडिया ‘X’ अकाउंट पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल का एक कार्टून शेयर किया। इसमें कैप्‍शन लिखा “बहरूपिये के वेश में AAP-दा !” इस कार्टून में भ्रष्टाचार को हराने का वादा करके अरविंद केजरीवाल पर जनता को लूटने का आरोप लगाया गया है।

सबसे ऊपर लिखा है "मेरा उद्देश्य भ्रष्टाचार को हराना है जी" इसके बाद हवाला, विज्ञापन घोटाला, क्लासरूम घोटाला, शराब घोटाला, सीसीटीवी घोटाला, शीशमहल घोटाला, पीडब्‍ल्यूडी घोटाला और राशन घोटाला को स्कैच बनाकर हाईलाइट किया गया है। इसके साथ ही नीचे जनता के हवाले से कैप्‍शन दिया गया "दिल्ली को ऐसी घोटालेबाज AAP-दा से मुक्त कराना है।"

अरविंद केजरीवाल ने क्या कहा था?

इससे पहले शनिवार को सुबह आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपना वीडियो जारी कर भाजपा पर पैसे बांटने और सामान देकर लोगों के वोट खरीदने का आरोप लगाया था। अरविंद केजरीवाल ने जनता को आगाह करते हुए कहा था कि पैसे ले लो, लेकिन वोट मत बेचना। अरविंद केजरीवाल ने ये भी कहा था कि भाजपा के लोग जनता को धमका रहे हैं। साथ ही वोट देने के लिए बच्चों और भगवान की कसमें खिला रहे हैं। उन्होंने लोगों से कसम तोड़ने की अपील करते हुए अपनी मर्जी से मतदान करने का अनुरोध किया था।

Also Read
View All

अगली खबर