नई दिल्ली

दिल्ली: लव मैरिज का खौफनाक अंत! भाई ने बहन के सीने में दागीं गोलियां, 6 जिंदा कारतूस और कट्टा बरामद

Delhi Usmanpur Murder Case: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गौतमपुरी में प्रेम विवाह से नाराज 22 वर्षीय युवक ने अपनी बड़ी बहन वसीमा की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को देसी पिस्तौल और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।
2 min read
Honour Killing in Delhi
लव मैरिज से नाराज भाई ने की बड़ी बहन की हत्या (photo AI)

Delhi Crime News: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गौतमपुरी इलाके में 32 वर्षीय महिला वसीमा की हत्या की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम विवाह से नाराज उसके छोटे भाई मोहम्मद अनस (22) ने ही उसे गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई देसी पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई की रात करीब 8:21 बजे न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस को गौतमपुरी की गली नंबर-17 में एक महिला को गोली लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वसीमा को गंभीर हालत में पाया। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

प्रेम विवाह से नाराज था भाई, छाती पर मारी गोली

जांच में सामने आया कि वसीमा पहले भी एक बार प्रेम प्रसंग के चलते घर छोड़कर चली गई थी, लेकिन कुछ समय बाद वापस लौट आई थी। बाद में वह दोबारा घर छोड़कर चली गई और इरशाद नाम के युवक से लव मैरिज कर लिया। परिवार की इच्छा के खिलाफ किए गए इस निकाह से उसका छोटा भाई अनस बेहद नाराज था और उसी ने बहन की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक, अनस मेरठ के सरधना से एक देसी तमंचा और कारतूस लेकर आया। उसने मौका मिलते ही अपनी बहन पर गोली चला दी। छाती पर गोली लगने से वसीमा की मौके पर ही मौत हो गई।

पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने दबोचा

हत्या के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान जाफराबाद थाने में तैनात हेड कांस्टेबल नफीस, जो चौहान बांगर इलाके में गश्त पर थे, अनस को संदिग्ध हालत में देखा। उन्होंने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से एक देसी पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान मेरठ निवासी मोहम्मद अनस के तौर पर बताई और बहन की हत्या करने की बात कबूल कर ली।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जाफराबाद थाने में हत्या के अलावा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत भी अलग मामला दर्ज किया है। हत्या में इस्तेमाल हथियार को जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने हथियार कहां से खरीदा और हत्या की योजना में कोई और तो शामिल नहीं था।

Updated on:
19 Jul 2026 10:05 am
Published on:
19 Jul 2026 08:31 am