Delhi Weather: दिल्ली में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है। IMD के अनुसार सोमवार को न्यूनतम तापमान 19°C और अधिकतम 35.3°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी ज्यादा है और इस सीजन की अब तक की सबसे गर्म रात रही।
Delhi Weather: देश की राजधानी दिल्ली पहले ठंड और प्रदूषण से परेशान थी, लेकिन अब गर्मी भी अपना रंग दिखाने लिए बेताब नजर आ रही है। ये बात इसलिए कहा जा रहा है कि क्योंकि मार्च के पहले हफ्ते से दिल्ली में गर्मी का असर देखा जा रहा है। दरअस, सोमवार को राजधानी में दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से कई डिग्री अधिक दर्ज किया गया। IMD के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है और इस सीजन की अब तक की सबसे गर्म रात रही। वहीं अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार तक तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है और पारा 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि सप्ताह के अंत तक एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन इसके बावजूद दिन और रात का तापमान सामान्य से ऊपर ही बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ 11 मार्च के बाद मैदानी इलाकों को भी प्रभावित कर सकता है, जिससे तापमान में एक-दो डिग्री की मामूली गिरावट आ सकती है। हालांकि इसके असर से दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं है।40 डिग्री के करीब भी जा सकता है तापमान
मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत के अनुसार सोमवार को दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण अरब सागर से नमी दिल्ली पहुंची, जिससे आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहा। उन्होंने बताया कि हवाओं की रफ्तार थोड़ी कम होने के कारण हवा में नमी और धूल दोनों मौजूद रहे। मौसम विभाग का अनुमान है कि मार्च के अंत तक अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और कुछ दिनों में यह 40 डिग्री के करीब भी जा सकता है। दिल्ली में मार्च महीने का अब तक का सबसे अधिक तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रहा है, जो 31 मार्च 1945 को दर्ज किया गया था।