
Delhi Metro Station Closed: राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने कई बड़े मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। इस फैसले से रोजाना मेट्रो से सफर करने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
DMRC के मुताबिक, सुरक्षा कारणों के चलते 16 मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट फिलहाल रोक दी गई है। हालांकि कुछ प्रमुख स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रखी गई है, ताकि यात्रियों को पूरी तरह परेशानी न हो और वे अपनी यात्रा बदलकर पूरी कर सकें।
DMRC की जानकारी के मुताबिक, बंद किए गए स्टेशनों में जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, लोक कल्याण मार्ग, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।
मेट्रो विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि सफर शुरू करने से पहले मेट्रो की ताजा स्थिति जरूर जांच लें। अगर जरूरी हो तो दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करें। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति सामान्य होने और सुरक्षा समीक्षा के बाद ही इन स्टेशनों को दोबारा खोला जाएगा।
दरअसल, जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कई जगहों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। प्रदर्शन से जुड़े मामलों में पुलिस ने कुछ एफआइआर भी दर्ज की हैं और पूरे मामले की जांच जारी है।
दिल्ली में मेट्रो लाखों लोगों के लिए रोजमर्रा की जिंदगी का सबसे बड़ा सहारा है। ऐसे में अचानक कई स्टेशनों के बंद होने से ऑफिस जाने वाले लोगों, छात्रों और आम यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी भी साझा की।
फिलहाल DMRC और सुरक्षा एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी के आधार पर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।