
Delhi Metro Viral Video: दिल्ली मेट्रो में सफर कर रही दो युवतियों के साथ एक असहज करने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, ग्रीन पार्क की ओर यात्रा कर रही युवतियों ने एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति को चुपके से उनका वीडियो बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। यह घटना लोक नायक भवन मेट्रो स्टेशन के पास की बताई जा रही है।
पीड़ित महिला के अनुसार, उन्होंने पास में बैठे व्यक्ति पर संदेह हुआ कि वह बिना उनकी अनुमति के फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है। जब युवतियों को इस बात का अहसास हुआ, तब भी वह व्यक्ति उन्हें लगातार घूरता रहा। इसके बाद महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए उस व्यक्ति से सीधा सवाल-जवाब किया और उसका फोन दिखाने को कहा। व्यक्ति ने तस्वीरें खींचने से साफ इंकार किया और युवतियों के सामने ही अपने फोन से तस्वीरें व वीडियो डिलीट करने की कोशिश की। व्यक्ति को लगा कि फोटो डिलीट करने से बात छिप जाएगी, लेकिन जब महिलाओं ने उसके फोन का 'रीसायकल बिन' चेक किया, तो वहां से डिलीट किया गया वीडियो बरामद हो गया।
युवतियों ने उस व्यक्ति को साफ तौर पर समझाया कि किसी की अनुमति के बिना उसकी फोटो या वीडियो बनाना गलत है और इस तरह किसी की निजता का उल्लंघन नहीं किया जाना चाहिए। इस दौरान युवतियों और व्यक्ति के बीच काफी देर तक बहस और confrontation हुआ। घटना का पूरा वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक जगहों पर उनकी निजता को लेकर सवाल उठाए। वीडियो के कैप्शन में लिखा गया, 'क्या महिलाएं कभी वास्तव में सुरक्षित हो सकती हैं?' इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
आपको बता दें कि इंटरनेट पर यह वीडियो सामने आने के बाद सार्वजनिक स्थानों और मेट्रो में महिलाओं की सुरक्षा, निजता और उत्पीड़न को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। सोशल मीडिया यूजर्स इस व्यवहार पर कड़ा आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं और बिना अनुमति वीडियो बनाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।