
Delhi Maid Murder: दिल्ली के मांउट कैलाश इलाके में हुई घरेलू सहायिका की हत्या के बाद से पुलिस की जांच में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे होते जा रहे हैं। घटनास्थल से जो हथियार पुलिस को मिला था, जिसका इस्तेमाल आरोपी डॉ. मनीष गुप्ता ने कथित तौर पर 19 जून को दक्षिण दिल्ली स्थित अपने घर पर अपनी घरेलू सहायिका मीना का गला काटने के लिए किया था। पुलिस ने बताया कि यह हथियार ऐसे ही कई चाकुओं के कलेक्शन का हिस्सा था, जिन्हें डर्मेटोलॉजिस्ट (त्वचा विशेषज्ञ) ने कई सालों में अलग-अलग राज्यों से लाकर अपने माउंट कैलाश स्थित घर में जमा किया था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मीना काम के लिए गुप्ता के घर आई थी और कपड़े सुखाने के लिए छत पर गई थी। जांचकर्ताओं का आरोप है कि गुप्ता ने वहीं उस पर हमला किया। पहले उसने अपने बेटे के क्रिकेट बैट से कई बार उस पर वार किया, फिर खुकरी से उसका गला काट दिया। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि मीना की गर्दन पर मिला कट का निशान मेडिकल चीरे जैसा था और खुकरी एक पारंपरिक मुड़ा हुआ चाकू है, जिसकी ब्लेड चौड़ी और अंदर की ओर मुड़ी होती है। इसका इस्तेमाल अक्सर काम के औजार और हथियार दोनों तरह से किया जाता है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्ता के पास यादगार के तौर पर तीन या चार खुकरी थीं। पुलिस का कहना है कि चाकू का मिलना फोरेंसिक जांच के लिए अहम हो सकता है। बता दें कि 50 साल से डॉक्टर गुप्ता के 45 साल की घरेलू सहायिका की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया। वह 15 साल से ज्यादा समय से परिवार के लिए काम कर रही थी। कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह हत्या तब सामने आई जब पास की एक बिल्डिंग में रहने वाले एक व्यक्ति ने मीना को छत पर बेसुध हालत में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी।
इस घटना की खबर मिलने के बाद ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए जहां आरोपी डॉक्टर घर के अंदर सीढ़ियों पर बैठा मिला। जांचकर्ताओं के मुताबिक, उसने कथित तौर पर उनसे कहा मुझे फांसी दे दो। जांच में यह भी पता चला है कि गुप्ता लगभग एक दशक से डिप्रेशन और ऑब्सेसिव-कंपल्सिव डिसऑर्डर (OCD) के लिए साइकियाट्रिक इलाज करवा रहा था।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या उसने अपनी दवाएं लेना बंद कर दिया था। जांचकर्ताओं को शक है कि घर में इस बात को लेकर तनाव हो सकता है कि मीना को काम पर रखे रहने रहना चाहिए या नहीं यह भी एक वजह हो सकती है। एक सीनियर पुलिस अधिकारी के मुताबिक, परिवार का कहना है कि यह उसकी पहली और एकमात्र हिंसक घटना थी, लेकिन हम इस दावे की पुष्टि कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दंपति की शादी को लगभग दो दशक हो चुके हैं। पश्चिम बंगाल की रहने वाली मीना के परिवार में उसके पति, बेटा और बेटी हैं।