नई दिल्ली

दिल्ली में जहरीली गैस बनी काल: सेप्टिक टैंक साफ करने उतरे 3 मजदूरों की मौत, समय पर नहीं पहुंच सका बचाव दल

Delhi Mundka accident: दिल्ली के मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया में सेप्टिक टैंक साफ करने उतरे तीन मजदूर जहरीली गैस की चपेट में आकर जान गंवा बैठे। रेस्क्यू टीम ट्रैफिक जाम में फंस गई, जिससे बचाव कार्य में देरी हुई।
2 min read
Delhi Mundka accident
सेप्टिक टैंक साफ करने उतरे तीन मजदूरों की मौत।

Delhi Mundka accident: दिल्ली के मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सेप्टिक टैंक की सफाई करने उतरे तीन मजदूर जहरीली गैस की चपेट में आ गए, जिससे तीनों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मजदूरों ने सफाई के दौरान किसी तरह के सुरक्षा उपकरण नहीं पहन रखे थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन ट्रैफिक जाम में फंसने के कारण बचाव कार्य में देरी हुई।

मुंडका में जहरीली गैस से तीन मजदूरों की मौत

मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान यह हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, तीनों मजदूर टैंक साफ करने के लिए नीचे उतरे थे। इसी दौरान अंदर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से उनकी हालत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। तीनों मजदूर एक-एक करके टैंक में उतरे थे, लेकिन काफी देर तक अंदर से कोई आवाज नहीं आई।

अंदर से आवाज नहीं आई तो लोगों ने दी फायर विभाग को सूचना

जब बाहर मौजूद लोगों ने देखा कि टैंक में गए मजदूर वापस नहीं आ रहे हैं तो उन्होंने तुरंत दिल्ली फायर सर्विस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद फायर विभाग की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया, ताकि मजदूरों को बाहर निकाला जा सके।

रेस्क्यू के लिए निकली गाड़ियां भारी ट्रैफिक जाम में फंसीं

दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर 12:03 बजे उन्हें फोन आया था कि मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया में एक फैक्ट्री के सेप्टिक टैंक के अंदर कुछ लोग फंस गए हैं। इसके बाद दो इमरजेंसी गाड़ियां मौके के लिए भेजी गईं, लेकिन दोनों गाड़ियां रास्ते में भारी ट्रैफिक जाम में फंस गईं।

बच नहीं सकी मजदूरों की जान

फायर विभाग की टीम ने दोपहर करीब 12:23 बजे ट्रैफिक जाम में फंसे होने की जानकारी दी। इसके बाद बचाव कार्य को तेज करने के लिए दूसरी दिशा से टिकरी के रास्ते एक और गाड़ी भेजी गई। टीम के मौके पर पहुंचने के बाद तीनों मजदूरों को टैंक से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

सुल्तानपुरी के रहने वाले थे तीनों मजदूर

मृतक मजदूरों की पहचान अरुण सिंह पुत्र अजीत सिंह (38 साल), संदीप पुत्र पालेराम (32 साल) और चांद पुत्र राजू (42 साल) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तीनों मजदूर दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके की इंद्रा झील कॉलोनी के रहने वाले थे।

पुलिस कर रही मामले की जांच

हादसे के बाद फायर विभाग ने दोपहर करीब 1:30 बजे मामले की जानकारी SDM को दी। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) के जरिए मुंडका के SDM को भी घटना की सूचना दी गई। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया।

Published on:
26 Jun 2026 06:26 pm