नई दिल्ली

दिल्ली: न कोई पुरानी दुश्मनी, न कोई रंजिश, सिर्फ कीचड़ उछालने से रोका तो 5 नाबालिगों ने शख्स को चाकुओं से गोदकर मार डाला

Delhi Murder Case: दिल्ली के वजीरपुर में कीचड़ उछालने का विरोध करने पर पांच नाबालिगों ने 34 साल के बंसी लाल की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से पांचों को पकड़ लिया।
2 min read
Delhi Murder Case
प्रतीकात्मक तस्वीर

Mud Splash Dispute Murder: दिल्ली में एक छोटे से विवाद के चलते एक 34 साल के युवक की हत्या का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार न कोई पुरानी दुश्मनी थी और न ही कोई रंजिश, यह मामला सिर्फ कीचड़ उछालने के विरोध करने से शुरू हुआ था। युवक ने सिर्फ नाबालिगों को कीचड़ उछालने से मना किया था लेकिन वह करना युवक को भारी पड़ गया। पांचों नाबालिगों ने पहले उससे झगड़ा शुरू किया और इसी दौरान उस पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया है।

प्रेम बाड़ी पुल के पास बेहोश पड़ा था युवक

पुलिस ने बताया कि मामला 9 जुलाई का है। पुलिसा क कहना है कि अशोक विहार थाना पुलिस को एक पीसीआर कॉल मिली थी। कॉल करने वाले ने बताया कि केशव पुरम की तरफ प्रेम बाड़ी पुल के पास एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा है और उसे चाकू मारा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच करने पर पता चला कि युवक के सीने, पेट और शरीर के दूसरे हिस्सों पर चाकू के कई घाव मिले।

अस्पताल में किया मृत घोषित

पुलिस घायल को तुरंत दीपचंद बंधु अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में पुलिस के पास मृतक की पहचान से जुड़ी कोई साफ जानकारी नहीं थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। बाद में उसकी पहचान वजीरपुर के उधम सिंह पार्क में रहने वाले 34 साल के बंसी लाल के रूप में हुई।

लाल किला इलाके में करते थे काम

पुलिस जांच में सामने आया कि बंसी लाल लाल किला स्थित लाला लाजपत राय मार्केट में सीसीटीवी की एक दुकान पर काम करते थे। वारदात के समय वह प्रेम बाड़ी पुल के पास से गुजर रहे थे। पकड़े गए नाबालिगों से पूछताछ में पुलिस को हत्या की वजह का पता चला। पुलिस के मुताबिक, बंसी लाल ने अपने ऊपर कीचड़ उछलने का विरोध किया था। इसी बात को लेकर पांचों नाबालिग उनसे झगड़ा करने लगे। देखते ही देखते मामूली कहासुनी हिंसक हो गई और आरोपियों ने बंसी लाल पर चाकू से हमला कर दिया।

CCTV फुटेज ने खोला हत्या का राज

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई थी। मौके पर कोई चश्मदीद नहीं मिलने से पुलिस के लिए आरोपियों तक पहुंचना आसान नहीं था। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और जानकारी जुटाई। सीसीटवी फुटेज से पुलिस को पांच नाबालिगों का सुराग मिला। इसके बाद अशोक विहार थाना पुलिस ने पांचों को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया।

Updated on:
12 Jul 2026 08:54 am
Published on:
12 Jul 2026 08:54 am