
प्रतीकात्मक तस्वीर
Delhi Drug Case: दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में पुलिस ने ड्रग सप्लाई से जुड़े एक मामले का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान युगांडा की 26 साल की महिला जैकलीन नामुलोंडो को गिरफ्तार किया गया। दिल्ली पुलिस ने उसके पास से 117 ग्राम एम्फेटामाइन बरामद करने का दावा किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और अब पुलिस उसके पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि मोहन गार्डन में किराये के मकान में रहने वाली एक विदेशी महिला सिंथेटिक ड्रग की सप्लाई से जुड़ी हुई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने पहले मामले की जानकारी जुटाई और फिर गुरुवार को बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से 117 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाला एम्फेटामाइन बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ और दस्तावेजों की जांच में आरोपी महिला की पहचान जैकलीन नामुलोंडो के रूप में हुई। वह मूल रूप से युगांडा की राजधानी कंपाला की रहने वाली बताई गई है। पुलिस के अनुसलार जैकलीन जुलाई 2025 में तीन महीने के बिजनेस वीजा पर भारत आई थी। तय अवधि पूरी होने के बाद उसका वीजा समाप्त हो गया, लेकिन इसके बावजूद वह भारत में ही रह रही थी। पुलिस अब उसके भारत में रहने से जुड़ी दूसरी जानकारियां भी खंगाल रही है।
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि जैकलीन दिल्ली में कॉलेज छात्रों और युवाओं को एम्फेटामाइन सप्लाई करती थी। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह ग्राहकों से किस तरह संपर्क करती थी और ड्रग की डिलीवरी कैसे की जाती थी। उसके मोबाइल फोन और संपर्कों की जांच भी की जा रही है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि जैकलीन को एम्फेटामाइन की खेप कहां से मिलती थी। जांच टीम उसके वित्तीय लेनदेन, फोन में मौजूद नंबरों और अन्य ड्रग सप्लायरों से संभावित संपर्क की पड़ताल कर रही है। पुलिस के अनुसार फिलहाल महिला का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। हालांकि मामले की जांच अभी जारी है।
Updated on:
11 Jul 2026 02:54 pm
Published on:
11 Jul 2026 02:54 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
