
देश की राजधानी दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए शुक्रवार का दिन महंगाई की खबर लेकर आया है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने दिल्ली में सीएनजी (CNG) की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी है। इसके बाद अब दिल्ली में सीएनजी की कीमत 77.09 रुपये से बढ़कर 79.09 रुपये प्रति किलो हो गई है। नई दरें आज (15 मई) आधी रात से लागू हो चुकी हैं।
दिल्ली में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) की नई दरें लागू हो गई हैं, जिससे निजी वाहन चालकों के साथ-साथ कमर्शियल वाहनों के परिचालन की लागत भी बढ़ गई है। इससे पहले तेल कंपनियों ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की, जिससे प्रमुख महानगरों में ईंधन की कीमतें बढ़ गईं।
केंद्र सरकार ने गुरुवार को कहा था कि देश के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। हालांकि पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा था कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए सभी नागरिकों से अपील है कि वे रोजमर्रा के जीवन में ऊर्जा की बचत करने का प्रयास करें। पेट्रोल, डीजल और गैस की घबराकर खरीदारी न करें, क्योंकि सरकार इनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। सरकार ने कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बावजूद घरेलू रसोई गैस, पीएनजी और सीएनजी की 100 फीसदी आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने एक दिन पहले ही मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की। इसके बाद मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और अन्य क्षेत्रों में सीएनजी की कीमत 82 रुपये से बढ़कर 84 रुपये प्रति किलो हो गई है।
सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद टैक्सी और ऑटोरिक्शा यूनियनों ने किराये में वृद्धि करने की मांग की है। उनका कहना है कि पिछले एक साल में ईंधन के दाम कई बार बढ़ें हैं, जिससे परिचालन लागत बढ़ गई है। इसलिए ऑटो रिक्शा के किराये में कम से कम 1 रुपये की और टैक्सी के किराये में दो रुपये की बढ़ोतरी की जाये।
गुरुवार से अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में दो रुपए प्रति लीटर के हिसाब से बढ़ोतरी की थी।