
Delhi NCR Rain: दिल्ली-एनसीआर में आखिरकार मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। कई दिनों से भीषण गर्मी और चिपचिपी उमस झेल रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को मंगलवार दोपहर हुई बारिश ने बड़ी राहत दी। दोपहर बाद कई इलाकों में अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट महसूस की गई और लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि बारिश के बाद भी हवा में नमी बनी रही, जिसके कारण उमस पूरी तरह खत्म नहीं हुई। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसा ही मौसम बना रह सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार मंगलवार को दिनभर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 10 जुलाई तक राजधानी और आसपास के इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। आसमान में बादल छाए रहने की वजह से तेज धूप से राहत मिलेगी और तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। लोगों को मौसम से जुड़े अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
बारिश से पहले मंगलवार सुबह दिल्ली का मौसम काफी गर्म और उमस भरा रहा। न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री ज्यादा था। मौसम विभाग के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे 'फील्स लाइक' यानी महसूस होने वाला तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। उस समय हवा में नमी 79 % थी, जिससे लोगों को तेज गर्मी से ज्यादा उमस परेशान कर रही थी। यह जुलाई महीने की सबसे गर्म सुबहों में से एक रही।
दिल्ली के अलग-अलग मौसम केंद्रों पर तापमान में भी अंतर देखने को मिला। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री, पालम में 28.3 डिग्री, अयानगर में 28.6 डिग्री और रिज इलाके में 24.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटों में केवल रिज क्षेत्र में 6.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सफदरजंग, पालम, लोधी रोड और अयानगर में इस दौरान बारिश नहीं हुई। दोपहर बाद हुई बारिश ने कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल दिया।