नई दिल्ली

दिल्ली-NCR में अचानक बदला मौसम, तेज आंधी के बाद बारिश; IMD का रेड अलर्ट, अगले 3 घंटे अहम

Delhi Weather Update News: दिल्ली-NCR में शुक्रवार दोपहर मौसम अचानक बदल गया। तेज हवाओं के बाद कई इलाकों में बारिश हुई। IMD ने रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ घंटों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी है।
2 min read
• •
Updated: 11 Sep 2026, 3:35 PM IST
Rain
बारिश (फोटो सोर्स-IANS)

Delhi NCR Weather:दिल्ली-NCR में शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया। सुबह से उमस और गर्मी झेल रहे लोगों को दोपहर बाद बारिश से कुछ राहत मिली। दिल्ली के कई इलाकों में तेज हवा चलने के बाद बारिश हुई। मंडी हाउस, धौला कुआं, आरके पुरम और पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग समेत कई जगहों से बारिश के वीडियो सामने आए हैं।

नोएडा और आसपास के इलाकों में भी मौसम ने अचानक करवट ली। पहले आसमान में बादल छाए और फिर तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगी। मौसम बदलने के बाद तापमान में गिरावट की उम्मीद है, लेकिन तेज हवा और बारिश के कारण सड़क पर निकलने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है।

अगले कुछ घंटे क्यों हैं अहम?

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के उत्तरी हिस्सों में अगले एक घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवा, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।

इसके बाद करीब तीन घंटे तक दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर आंधी और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचना बेहतर होगा।

तेज बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी भरने और ट्रैफिक की रफ्तार धीमी होने की भी आशंका है। दफ्तर या दूसरे काम से बाहर निकले लोगों को मौसम की स्थिति देखकर ही आगे बढ़ने की सलाह दी जा रही है।

सुबह उमस, दोपहर में बदला मौसम

शुक्रवार सुबह दिल्ली में आसमान में बादल थे, लेकिन उमस बनी हुई थी। राजधानी में न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में यह 25.9 डिग्री, लोधी रोड पर 27.2 डिग्री और आयानगर में 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

रिज इलाके में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 1.5 डिग्री कम था। मौसम विभाग के मुताबिक, दिन में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

13 सितंबर तक बारिश की संभावना

दिल्ली-NCR में मौसम का यह बदला मिजाज सिर्फ शुक्रवार तक सीमित रहने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। शुक्रवार शाम और रात में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। शनिवार को भी कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

यानी उमस भरी गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन अगले कुछ घंटों में मौसम को लेकर सावधानी जरूरी है। तेज हवा, बिजली और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को IMD के अलर्ट पर नजर रखनी चाहिए।