
Rajasthan Weather Update : फाइल फोटो - ANI
Weather Update : मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी के अनुसार विदाई के वक्त लौटता हुआ मानसून राजस्थान में खूब बरसेगा। एक साथ सक्रिय कई मौसम प्रणालियों के प्रभाव से राजस्थान में अच्छी बारिश होने की संभावना है। 11 से 16 सितंबर के बीच राजस्थान के कई हिस्सों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं राज्य में पिछले सप्ताह के दौरान दीर्घावधि वर्षा के औसत से 07 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अपडेट के अनुसार आगामी दिनों में राज्य के पूर्वी व दक्षिण-पूर्वी भागों में मानसून सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में 11 सितंबर से हल्की मध्यम बारिश का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है।
12 से 16 सितंबर के दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर संभाग के कुछ और भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। 13-14 सितंबर को कोटा, उदयपुर संभाग व आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में 13 से 15 सितंबर को छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश तथा जोधपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सितम्बर के द्वितीय सप्ताह के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है।
वास्तविक मौसम परिदृश्य: बीते सप्ताह के दौरान राज्य में पूर्वी राजस्थान में कही कही पर हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज हुई व एक दो स्थानों पर भारी वर्षा भी दर्ज की गई। राज्य में पिछले सप्ताह के दौरान दीर्घावधि वर्षा के औसत से 07 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में वर्षा की स्थिति निम्न प्रकार है-
पिछले सप्ताह के दौरान वर्षा : 4 सितम्बर 10 सितम्बर 2026
उपखंड - वास्तविक वर्षा (मिमी) - सामान्य वर्षा (मिमी)- सामान्य से विचलन (%) राजस्थान - 22.2 - 23.7 - -07
पूर्वी राजस्थान -44.5 - 32.6 - 36
पश्चिमी राजस्थान - 04.4 - 16.6 - -74
वहीं आगामी दो सप्ताह के लिए अधिकतम तापमान पूर्वानुमान (11 सितम्बर - 24 सितम्बर 2026) प्रथम सप्ताह व द्वितीय सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान अधिकांश स्थानों पर सामान्य से 1 से 2 डिग्री अधिक रहने की संभावना है।
पश्चिमी राजस्थान में 1 जून से 9 सितंबर तक सामान्य 265.6 मिमी बारिश के मुकाबले केवल 184.01 मिमी पानी बरसा यानी करीब 81.6 मिमी की कमी और कुल 31 प्रतिशत कम बारिश। खास बात यह है कि पश्चिमी राजस्थान के सभी 10 जिले सामान्य से नीचे रहे। जोधपुर में सामान्य 274.4 मिमी के मुकाबले 189.2 मिमी बारिश हुई। राजस्थान में अब तक 25 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जबकि पूर्वी राजस्थान के 23 जिलों में कमी 21 प्रतिशत है।
मानसून की विदाई का रास्ता तीन बदलावों से बनता है-बारिश का लगातार थमना, निचले वायुमंडल में प्रतिचक्रवाती परिसंचरण और वातावरण में नमी का कम होना। आइएमडी इन्हीं संकेतों के आधार पर पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी घोषित करता है। इस समय पहला संकेत काफी स्पष्ट है। पश्चिमी राजस्थान में एक महीने से बारिश नहीं हुई है। जोधपुर में अंतिम बार 10 अगस्त को बरसात हुई थी। पूरे पश्चिमी हिस्से में शुष्क पश्चिमी हवा चल रही हैं। दूसरा बदलाव भी आकार ले रहा है। तीसरा यानी नमी में बड़ी गिरावट अगले कुछ दिनों में दिखाई दे सकती है। सामान्य तौर पर पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी की तारीख 17 सितंबर मानी जाती है।
13 से 15 सितंबर के बीच होने वाली संभावित बारिश भले ही मानसून की आखिरी बूंदें हों, लेकिन खेती के लिए इनका महत्व बड़ा है। लंबे सूखे के बाद मिट्टी में नमी लौटने से खरीफ फसलों को कुछ राहत मिल सकती है और रबी की तैयारी के लिए खेतों में नमी का आधार बन सकता है। सितंबर की बारिश कृषि और मिट्टी की नमी के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जाती है।
Updated on:
10 Sept 2026 08:08 pm
Published on:
10 Sept 2026 08:08 pm
