नई दिल्ली

दिल्ली-NCR में आंधी-बारिश से थमा तपिश का दौर, जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

Delhi ncr weather update: दिल्ली-NCR में गुरुवार को तेज आंधी और भारी बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों की भयंकर तपिश, हवा में नमी और ऊपरी वायुमंडल में बने खास सिस्टम की वजह से मौसम ने अचानक यह करवट ली है।

2 min read
Jun 04, 2026
Delhi-NCR weather update
PHOTO ANI

Delhi ncr weather update: दिल्ली-NCR में गुरुवार को अचानक मौसम बदल गया। तेज कड़कड़ाती बिजली, धूलभरी आंधी और झमाझम बारिश ने पूरे इलाके को घेर लिया। इस बारिश से आसमान छूते पारे से परेशान लोगों को राहत तो मिली, लेकिन अचानक आए इस तूफान से कुछ समय के लिए सड़कों पर जाम और कामकाज में मुश्किले भी आई। मौसम विभाग की माने तो पहले ही नाउकास्ट जारी कर दिल्ली के कई इलाकों जैसे नरेला, मॉडल टाउन, सिविल लाइंस, शाहदरा और रेड फोर्ट में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश का अलर्ट दे दिया था।

अचानक क्यों आया यह तूफान?

पिछले कई दिनों से दिल्ली और आस-पास के इलाकों में दम घुटने वाली गर्मी और उमस पड़ रही थी। इस वजह से जमीन के पास बहुत ज्यादा हीट एनर्जी जमा हो गई थी। दोपहर में जैसे ही तापमान बढ़ा, यह गर्म हवा तेजी से ऊपर की तरफ उठी। इसी दौरान अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाएं भी इसमें मिल गईं, जिससे बादलों के बनने का माहौल तैयार हो गया।

आसमान में बने क्युमुलोनिम्बस बादल

जब नीचे की यह गर्म और नम हवा ऊपर पहुंची, तो वहां मौजूद ठंडी हवा से टकराई। इस टकराव से आसमान में तेजी से ऊंचे और विशाल क्युमुलोनिम्बस बादल बन गए। मौसम विज्ञान में इन्हीं बादलों को भारी बारिश, कड़कती बिजली, ओले और भयंकर आंधी का जिम्मेदार माना जाता है।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस ने बढ़ाई आफत

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत के ऊपर एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पश्चिमी विक्षोभ भी एक्टिव था। इस सिस्टम ने हवाओं की इस हलचल को और ज्यादा हिंसक बना दिया। बादलों के अंदर से हवा के जो तेज झोंके बेहद रफ्तार से नीचे जमीन की तरफ आए, उसी वजह से दिल्लीवालों को अचानक इतनी तेज आंधी का सामना करना पड़ा। कुछ इलाकों में तो इन ठंडी हवाओं के साथ छोटे-छोटे ओले भी गिरे।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

इस बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई है और मौसम सुहाना हो गया है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि मॉनसून से पहले आने वाले ये तूफान भले ही कुछ इलाकों तक सीमित होते हैं, लेकिन काफी खतरनाक हो सकते हैं जैसे पेड़ गिरना, बिजली कड़कना और सड़कों पर पानी भरना। चूंकि देश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आगे बढ़ रहा है, इसलिए आने वाले दिनों में भी दिल्ली-NCR में ऐसी आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे गर्मी कंट्रोल में रहेगी।