नई दिल्ली

दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में एसी से भड़की आग, 8 लोग सुरक्षित बचाए गए, दो पिल्लों की मौत

New Friends Colony Fire: राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी से आग की एक बड़ी घटना सामने आई है। रविवार दोपहर को यहां एक रिहायशी मकान में अचानक भीषण आग लग गई। कुल आठ लोगों को सुरक्षित बचाया गया है।

2 min read
Delhi Fire news
दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में भीषण आग (Photo: IANS/File)

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में रविवार दोपहर एक मकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद पूरी इमारत धुएं से भर गई, जिससे कई लोग घर के अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते चार बच्चों और चार वयस्कों समेत कुल आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी लोगों को सीढ़ी की मदद से मकान से रेस्क्यू किया गया।

धुएं के गुबार के बीच 4 बच्चों समेत 8 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू

दमकल विभाग के स्टेशन ऑफिसर फूल सिंह मीणा ने बताया कि आज दोपहर 3 बजकर 38 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे तो पूरी बिल्डिंग धुएं से भरी हुई थी और कुछ लोग अंदर फंसे हुए थे।

उन्होंने बताया कि बचाव दल ने तत्काल अभियान चलाकर चार बच्चों सहित कुल 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी लोग ठीक थे और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई थी। एहतियातन अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई, लेकिन उन्होंने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया।

एसी से भड़की थी आग

प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आग घर की पहली मंजिल पर लगे एयर कंडीशनर (एसी) से शुरू हुई थी। इसके बाद आग तेजी से घर में रखे अन्य सामान तक फैल गई। दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अधिकारियों के मुताबिक अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

दो पालतू पिल्लों की मौत

इस हादसे में जहां सभी लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, वहीं घर में मौजूद दो पालतू पिल्लों की जान नहीं बचाई जा सकी। दमकल अधिकारियों के अनुसार दोनों पिल्लों की मौके पर ही मौत हो गई।

किसी बच्चे की मौत नहीं हुई- पुलिस

इस घटना में एक बच्चे की जलकर मौत होने की खबरें सामने आई थीं। हालांकि दिल्ली पुलिस ने इन दावों का खंडन किया है। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि आग की घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या किसी बच्चे की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने कहा है कि बच्चे की मौत की खबर पूरी तरह गलत है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी।

चार दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

दमकल विभाग के अनुसार, आग बुझाने और बचाव कार्य के लिए कुल चार दमकल गाड़ियां भेजी गई थीं। राहत और बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है।

फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती जांच में एसी यूनिट को आग की वजह माना जा रहा है।

Updated on:
07 Jun 2026 05:57 pm
Published on:
07 Jun 2026 05:54 pm