
दिल्ली में आग लगने की दो बड़ी घटनाएं (Photo: IANS/File)
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। दक्षिणी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-1 स्थित टाटा कम्युनिकेशंस के कार्यालय में शुक्रवार तड़के भीषण आग लग गई, जबकि गुरुवार रात में सफदरजंग एन्क्लेव के पास हुमायूंपुर गांव स्थित एक होटल के बेसमेंट में आग भड़क उठी। दोनों घटनाओं में दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, हालांकि टाटा कम्युनिकेशंस कार्यालय में आग बुझाने के दौरान दो दमकलकर्मी घायल हो गए।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार तड़के 2 बजकर 47 मिनट पर ग्रेटर कैलाश-1 में सावित्री सिनेमा के सामने स्थित टाटा कम्युनिकेशंस कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली। आग इमारत की तीसरी मंजिल पर बने बैट्री रूम में लगी थी और देखते ही देखते करीब 200 वर्ग फुट क्षेत्र इसकी चपेट में आ गया। इससे पूरे परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।
यह इमारत ग्राउंड प्लस पांच मंजिला है। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तत्काल तीन वाटर टेंडर, दो वाटर बाउजर, एक क्विक रिस्पांस व्हीकल (QRV), एक मोटर पंप और एक ब्रीदिंग सेट यूनिट को मौके पर रवाना किया। आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में कुल 10 दमकल इकाइयों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया।
आग पर काबू पाने के दौरान दमकलकर्मी संदीप और सुरेश के हाथ झुलस गए। दोनों को तुरंत सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है और किसी गंभीर खतरे की आशंका नहीं है।
दमकल विभाग ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। सुबह तक इमारत में कूलिंग ऑपरेशन जारी था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग की शुरुआत बैट्री रूम से हुई थी। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। जांच चल रही है और तकनीकी खामियों की भी पड़ताल की जा रही है।
वहीं, शुक्रवार रात दक्षिणी दिल्ली के हुमायूंपुर गांव स्थित एक होटल के बेसमेंट में भी आग लग गई। यह होटल सफदरजंग एन्क्लेव के नजदीक स्थित है। दमकल विभाग को शाम 7 बजकर 6 मिनट पर घटना की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल पांच दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
अधिकारियों के मुताबिक, आग होटल के बेसमेंट में रखे फर्नीचर और स्टोर रूम में लगी थी। आग एयर कंडीशनिंग (AC) यूनिट तक भी पहुंच गई थी। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 15 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया और बड़े हादसे को टाल दिया।
फायर अधिकारी ने बताया कि होटल के स्टोर रूम और एसी सिस्टम में आग लगी थी, लेकिन समय रहते राहत कार्य शुरू कर दिए गए। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
कुछ ही घंटों में दिल्ली के दो अलग-अलग इलाकों में आग की इन बड़ी घटनाओं ने कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले दिल्ली के मालवीय नगर स्थित बेड एंड ब्रेकफास्ट होटल की इमारत में लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत हो गई। इससे एक महीने पहले विवेक विहार में एक चार मंजिला आवासीय इमारत में इसी तरह की घटना में 9 लोगों की जान चली गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।
Published on:
05 Jun 2026 09:29 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
