
Kasim Khan Arrested: दक्षिणी दिल्ली पुलिस की ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक चोरी की होंडा मोटरसाइकिल और पांच चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस का दावा है कि इस गिरफ्तारी से दिल्ली के अलग-अलग थानों में दर्ज छह चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। आरोपी का पहले से लंबा आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार उस पर 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दक्षिण जिला पुलिस को 8 जुलाई को सूचना मिली थी कि चोरी की होंडा मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध दक्षिण दिल्ली इलाके में आने वाला है। सूचना मिलते ही AATS टीम ने तुरंत योजना बनाकर एक जगह पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद जैसे ही संदिग्ध वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोक लिया। पूछताछ और जांच के दौरान बाइक चोरी की निकली, जिसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से पांच चोरी के मोबाइल फोन भी बरामद हुए। शुरुआती जांच में पता चला कि ये मोबाइल दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से चोरी किए गए थे। पुलिस ने सभी मोबाइल और चोरी की बाइक को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी निवासी कासिम खान के रूप में की है। वह अलीमुद्दीन का बेटा है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पहले सार्वजनिक जगहों से लावारिस या पार्क की गई मोटरसाइकिलें चुराता था। इसके बाद उसी चोरी की बाइक का इस्तेमाल भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल स्नैचिंग करने के लिए करता था। वारदात के बाद वह बार-बार अपना ठिकाना बदल लेता था, ताकि पुलिस की पकड़ में न आए। चोरी किए गए मोबाइल बाद में स्थानीय बिचौलियों के जरिए बेच दिए जाते थे।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक 25 वर्षीय कासिम खान कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ पहले से चोरी, चोरी का सामान रखने, आर्म्स एक्ट और एक्साइज एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लोनी बॉर्डर, करावल नगर, साहिबाबाद, मंडावली और तिला मोड़ जैसे थाना क्षेत्रों के केस भी शामिल हैं। यह कार्रवाई दक्षिण जिला AATS के प्रभारी इंस्पेक्टर अमित दत्त शर्मा के नेतृत्व में एसीपी (ऑपरेशन) ऋतु राज की निगरानी में की गई। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और चोरी की बाकी संपत्ति का पता लगाने में जुटी है।