नई दिल्ली

Delhi Police Vacancy: ‌दिल्ली पुलिस होने जा रही बड़ी भर्ती, सिपाही से लेकर सब इंस्पेक्टर तक बंपर वैकेंसी

Delhi Police Vacancy: दिल्ली पुलिस में आठ हजार भर्ती होने वाली है। 16 जून को इसका नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना है। इसमें सिपाही से लेकर सब इंस्पेक्टर तक पदों पर भर्ती की जाएगी। अगले साल प्रशिक्षण शुरू करने की योजना है।

2 min read
दिल्ली पुलिस में जल्द ही आठ हजार भर्ती होने वाली है।

Delhi Police Vacancy: सरकारी नौकरी की आस में बैठे लोगों के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली पुलिस आठ हजार पदों पर भर्ती करने की तैयारी कर रही है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों की मानें तो 16 जून को इसका नोटिफिकेश जारी होने की संभावना है। दिल्ली पुलिस की ओर से कर्मचारी चयन आयोग (SSC) को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार जून से सितंबर तक दिल्ली पुलिस में भर्ती की प्रक्रिया चलेगी। इसके साथ ही अगले साल यानी साल 2026 तक भर्ती हुए लोगों का प्रशिक्षण शुरू करने की योजना है। ताकि उन्हें साल 2027 से पहले दिल्ली पुलिस में शामिल किया जा सके।

दिल्ली के 185 थानों में सिर्फ 20 से 25 हजार कर्मचारी

दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि फिलहाल दिल्ली के 185 थानों में सिर्फ 20 से 25 हजार पुलिस कर्मचारी तैनात हैं। दिल्ली के थानों में पुलिसकर्मियों की संख्या कम होने के चलते दिल्ली में अपराध पर अंकुश लगाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में गृह मंत्रालय ने नई भर्तियां करने का आदेश दिया है। ताकि दिल्ली में पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई जा सके और अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल दिल्ली में 356 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसमें 186 सब इंस्पेक्टर (SI) और 170 आइसोलेटेड पोस्ट शामिल हैं। आइसोलेटेड पोस्ट में रेडियो टेक्नीशियन, टेलीफोन एक्सचेंज ऑपरेटर, स्टेनोग्राफर, स्टोर क्लर्क आदि आते हैं। 186 सब इंस्पेक्टर के पदों के लिए बीते साल 4 मार्च को विज्ञापन निकाला गया था। इसके बाद आठ मार्च 2025 को इसके लिए परीक्षा भी हो चुकी है। अब SSC से परिणाम जारी होने का इंतजार किया जा रहा है। जबकि आइसोलेटेड पोस्ट के लिए 83 कर्मचारी चयनित हो चुके हैं। इन्हें जल्द ही नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।

149 पदों पर दिल्ली पुलिस करेगी भर्ती

एक ओर तो दिल्ली पुलिस ने आठ हजार नई भर्ती के लिए कर्मचारी चयन आयोग (SSC) को जिम्मेदारी सौंपी है। दूसरी ओर 149 पदों पर दिल्ली पुलिस अपने स्तर पर भर्ती करने की तैयारी में है। इनमें बैंडमैन के 54 पद, डॉग हैंडलर के 44 पद, बिगुल बजाने वाले के 14 पद और घोड़े पर गश्त करने वाले के 37 पद शामिल हैं। यह भर्ती दिल्ली पुलिस खुद करेगी। इसके लिए भी जल्द ही नो‌टिफिकेशन जारी किया जा सकता है।

दिल्ली पुलिस में भर्ती होने के लिए ये मापदंड जरूरी

दिल्ली पुलिस में भर्ती होने के लिए निर्धारित मापदंडों के अनुसार, अभ्यर्थी को किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड या विश्वविद्यालय से 12वीं पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा कांस्टेबल पद के लिए आयु सीमा 18 से 25 साल है। इसमें कुछ श्रेणियों में छूट भी मिलती है। इसके साथ ही पुरुष अभ्यर्थियों के पास शारीरिक दक्षता के साथ बाइक और कार का ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है। फॉर्म भरने के बाद आपको एक परीक्षा देनी होगी।

इसमें सामान्य ज्ञान, गणित, तर्क और कंप्यूटर जैसे विषय पर सवाल पूछे जाते हैं। दिल्ली पुलिस कांस्टेबल भर्ती में ओबीसी वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 69-73 के बीच और महिला अभ्यर्थियों के लिए 60-63 के बीच अंक प्राप्त करना आवश्यक है। यह अपेक्षित कट ऑफ है और वास्तविक कट ऑफ इससे अलग हो सकती है। इसके अलावा दिल्ली पुलिस परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क सामान्य श्रेणी के लिए 100 रुपये है। हालांकि, महिलाओं और आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को कोई शुल्क नहीं देना होगा।

Also Read
View All

अगली खबर