नई दिल्ली

दिल्ली-एनसीआर में 70 साल बाद मई माह सबसे ज्यादा ठंडा, बारिश के कारण सामन्य से 16 डिग्री गिरा तापमान

अधिकतम ही नहीं बल्कि न्यूनतम तापमान भी 21.4 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से 5 डिग्री कम है। 1951 से अब तक बुधवार मई माह का सबसे ठंडा दिन रहा है।

less than 1 minute read
heavy_rain.jpg
heavy rain in delhi and ncr

नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान ताउते के कारण राजधानी दिल्ली और एनसीआर में बीते बुधवार को झमाझम बारिश हुई। बीते कई घंटों तक लगातार रिमझिम बारिश होती रही। दिल्ली में मई माह में एक दिन में अब तक की सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जब बुधवार को बारिश 60 मिमी के रिकाॅर्ड को पार कर गई।

70 वर्षों में पहली बार मई इतना ठंडा रहा

बुधवार को अधिकतम तापमान महज 23.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से 16 डिग्री कम है। अधिकतम ही नहीं बल्कि न्यूनतम तापमान भी 21.4 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से 5 डिग्री कम है। इस कारण राजधानी ने मई में तापमान का नया रिकाॅर्ड कायम किया है। 70 साल में मई माह में राजधानी का तापमान इतना नीचे नहीं गया है।

आज हल्की बारिश होगी

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार यानि आज बारिश हल्की होगी। इसकी वजह से अधिकतम तापमान एक बार फिर 30 डिग्री तक रहने का अनुमान है। बुधवार को रात आठ बजे तक बारिश लगातार जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार 1951 से अब तक यह मई का सबसे ठंडा दिन है। 13 मई 1982 को अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री दर्ज हुआ था।

बिहार में भी ताउते का असर

चक्रवाती तूफान ताउते का असर बिहार में दिखा है। गुरुवार की सुबह से पटना सहित कई जिलों में जमकर बारिश हुई है। इस बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। दरअसल बीते कुछ दिन सुबह 10 बजे तक ही पटना का तापमान 32 डिग्री को पार कर गया और इससे लोगों को भयंकर गर्मी का सामना करना पड़ा। मगर बारिश के बाद लोगों को काफी राहत मिली है।

Published on:
20 May 2021 09:45 am