
Sangam Vihar murder case: देश की राजधानी दिल्ली के संगम विहार से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां बुधवार सुबह करीब पांच बजे बदमाशों ने कहर मचा दिया। बदमाश अलग-अलग दो पहिया पर सवार होकर आए और एक युवक को गोलियों से छलनी कर दिया इतना ही नहीं, हमलावरों ने चार से पांच राउंड फायरिंग करने के बाद लोहे की रॉड से भी वार किया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक, बदमाशों के पास पिस्टल थी और हाथों में लोहे की रॉड भी थी।
बताया जा रहा है कि जिस शख्स की हत्या की गई है वो अपना ट्रक लेने के लिए मौके पर आया था। उसकी ट्रक वहां पार्क था। जैसे ही वो आया, हमलावरों ने उस पर गोलियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और जाते-जाते साथ लाए लोहे की रॉड से भी वार किया। हमलावर वार करते वक्त चिलाते हुए चेतावनी दे रहे थे कि 'समझा दे रहा हूं कोई बीच में मत आना।' वारदात के पीछे पारिवारिक रंजिश का मामला बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बता दें कि इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी गई। लोगों ने बताया कि गोलियों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दे रही थी, जिसके डर की वजह से किसी की घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं हो रही थी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि लगातार कई गोलियां चलने की आवाज आई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से भाग निकले। चारों बदमाश बाइक पर आए थे और उनके पास पिस्टल के साथ लोहे की रॉड भी थी। उन्होंने बेखौफ होकर युवक पर हमला किया और फिर मौके से फरार हो गए।
मृतक अपनी ट्रक अक्सर यहीं खड़ी करता था। बुधवार सुबह भी वह ट्रक लेने पहुंचा था, लेकिन तभी हमलावर वहां आ गए और उस पर हमला कर दिया। गोली लगने और मारपीट की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय निगम पार्षद पंकज गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अपराध के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और संगम विहार में भी आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आती हैं। उनका कहना था कि बदमाश इतने बेखौफ हो गए हैं कि उन्होंने सुबह-सुबह खुलेआम फायरिंग कर युवक की जान ले ली। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों का पता में जुट गई है।