नई दिल्ली

सौतेले पिता ने 13 साल की मासूम बेटी से किया दुष्कर्म, 5 महीने की हुई गर्भवती, दिल्ली के रोहिणी में मानवता शर्मसार

Stepfather Rapes Minor Delhi: दिल्ली के रोहिणी में 13 साल की बच्ची के साथ उसके सौतेले पिता ने एक साल तक दुष्कर्म किया, जिससे वह 5 महीने की गर्भवती हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मां की भूमिका की जांच की जा रही है।
2 min read
Chhattisgarh Rape Case
सौतेले पिता ने 13 साल की मासूम बेटी से किया दुष्कर्म

Delhi Rohini Crime News: देश की राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ उसके ही सौतेले पिता द्वारा कथित तौर पर बार-बार दुष्कर्म किया गया, जिससे वह पांच महीने की गर्भवती हो गई है। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मां को पेट में बदलाव देख हुआ शक

यह खौफनाक मामला तब उजागर हुआ जब लड़की की मां ने अपनी बेटी के शरीर में शारीरिक बदलाव देखे। कड़ाई से पूछताछ करने पर मासूम बच्ची फूट-फूट कर रोने लगी और उसने अपने सौतेले पिता की काली करतूतों का खुलासा किया। इसके बाद बुधवार को बेगमपुर थाना पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

5 महीने की गर्भवती है मासूम

आपको बता दें कि रोहिणी के पुलिस उपायुक्त (DCP) शशांक जायसवाल के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस टीम महिला कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित वातावरण में ले जाया गया। जहां पीड़िता ने अपना बयान दर्ज कराते हुए बताया कि पिछले एक साल से उसका सौतेले पिता उसके साथ कई बार दुष्कर्म कर चुका था। अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने यौन शोषण की पुष्टि की और बताया कि नाबालिग लड़की पांच महीने की गर्भवती है।

फरार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। वारदात के बाद आरोपी घर से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दिल्ली से ही धर दबोचा। आरोपी गत्ते के डिब्बे बनाने का काम करता है और पिछले दो-तीन साल से बच्ची और उसकी मां के साथ रह रहा था।

मां की भूमिका की भी जांच जारी

मिली जानकारी के अनुसार, लड़की की मां, जो छोटे-मोटे काम करके घर चलाती है, उसने पुलिस को बताया कि उसे इस शोषण के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। हालांकि, पुलिस इस दावे की भी बारीकी से जांच कर रही है और मां से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उसने जानबूझकर इस अपराध को नजरअंदाज किया।

Published on:
08 May 2026 10:51 am