
नई दिल्ली। अब हत्या के प्रयास के आरोपित नाबालिगों को भी स्कूल में मिल सकेगा दाखिला। दरअसल एक मामले में कड़कड़डूमा स्थित बाल अदालत ने फैसला सुनाते हुए कहा है कि हत्या के प्रयास के आरोपित नाबालिग छात्र को फिर से सीलमपुर इलाके के राजकीय विद्यालय में दाखिला मिलेगा। इस फैसले के बाद एक अन्य नाबालिग छात्र भी हत्या के प्रयास का आरोपित है और स्कूल में दोबारा दाखिला चाहता है। अब स्कूल प्रबंधन भी उस छात्र को दाखिला देने के लिए तैयार है। अदालत के फैसले के बाद अब स्कूल में दोनों ही छात्रों के दाखिले की प्रक्रिया चल रही है।
दाखिले के लिए अदालत मे दी गई थी अर्जी
आपको बता दें कि एक छात्र ने स्कूल में दाखिला न मिलने के कारण अदालत में अर्जी दायर की थी हालांकि स्कूल प्रशासन उस छात्र के अपराध से बिल्कुल अंजान था। छात्र का यह राज स्कूल के गेट के बाहर एक वर्ष पहले हुए एक झगड़े से खुला। छात्र ने एक वर्ष पहले एक बाहरी युवक को बुरी तरह से पीटकर भाग गया था। जब स्कूल के शिक्षक घायल युवक को लेकर आरोपित छात्र के घर पहुंचे तो पता चला कि वह हत्या के प्रयास का भी आरोपी है और उसके खिलाफ सीलमपुर थाने में मुकदमा दर्ज है। इस मारपीट की घटना के बाद आरोपी छात्र ने स्कूल जाना छोड़ दिया था। इसी स्कूल से छात्र ने दसवीं की परीक्षा पास की थी और अब जब 11वीं में दाखिला लेने के लिए पहुंचा तो अन्य छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर ओपन कोर्स करने की सलाह दी। यह बात परिजनों को नागवार गुजरी और मामला अदालत तक पहुंचा।
अदालत ने स्कूल से पूछा क्यों नहीं मिल सकता दाखिला
आपको बता दें कि आरोपित छात्र की अर्जी पर अदालत ने स्कूल से पूछा कि किस नियम के आधार पर छात्र को दाखिला नहीं मिल सकता है। बता दें कि बीते 28 जून को अदालत ने स्कूल प्रशासन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। इस पर स्कूल प्रशासन ने जवाब देते हुए कहा कि छात्र को दाखिला देने से इनकार नहीं किया है, बल्कि सलाह दी गई थी। फिलहाल स्कूल प्रबंधन छात्र को दाखिला देने को तैयार है। एक शिक्षक ने बताया कि इस तरह के कई मामले हैं जिनको लेकर स्कूल प्रबंधन ने अन्य आरोपित छात्रों को नौवीं कक्षा में दाखिला देने को तैयार हो गया है।