100 Crore Bank Scam: आम आदमी पार्टी AAP के नेता दीपक सिंगला के ठिकानों पर ईडी ED ने बड़ी कार्रवाई की है। 100 करोड़ रुपए से ज्यादा के बैंक घोटाले के मामले में दिल्ली और गोवा समेत कई जगहों पर एक साथ छापेमारी चल रही है।
Deepak Singla ED Raid: आम आदमी पार्टी AAP की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में पंजाब सरकार के एक मंत्री पर हुई कार्रवाई के बाद अब पार्टी के एक और बड़े नेता जांच एजेंसी के रडार पर आ गए हैं। प्रवर्तन निदेशालय ED ने 100 करोड़ रुपए से ज्यादा के बैंक फ्रॉड मामले में आप नेता दीपक सिंगला के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है। सोमवार की सुबह ईडी की टीमों ने दिल्ली और गोवा समेत देश के कई हिस्सों में सिंगला के ठिकानों पर एक साथ धावा बोल दिया।
इस कार्रवाई के तहत ईडी की एक टीम पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके स्वास्थ्य विहार में स्थित दीपक सिंगला के घर पर भी पहुंची। कार्रवाई को देखते हुए घर के बाहर भारी संख्या में अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है और सुरक्षा बेहद सख्त कर दी गई है। घर के अंदर मौजूद अधिकारी सिंगला के तमाम वित्तीय दस्तावेजों, कागजातों और कंप्यूटर-मोबाइल जैसे इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड्स की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बैंक धोखाधड़ी का यह मामला ईडी के चंडीगढ़ जोन में दर्ज है। जांच एजेंसी पिछले कई महीनों से बैंक ट्रांजैक्शन, सिंगला से जुड़ी कंपनियों के खातों और अन्य वित्तीय लेन-देन पर नजर रखे हुए थी। पुख्ता सबूत मिलने के बाद ही ईडी ने इस छापेमारी को अंजाम दिया है, ताकि इस कथित घोटाले की परतों को खोला जा सके और पैसों की हेराफेरी मनी लॉन्ड्रिंग का सच सामने आ सके।
दीपक सिंगला के लिए जांच एजेंसियों का यह ऐक्शन नया नहीं है, पिछले साल भी उनके ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। इस बार की रेड में अधिकारी मुख्य रूप से यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि बैंक से धोखाधड़ी की गई रकम को कहां-कहां निवेश किया गया या उसे किस तरह ठिकाने लगाया गया।
फिलहाल इस पूरी कार्रवाई पर ईडी की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है, और न ही आम आदमी पार्टी ने इस पर अभी तक अपनी कोई सफाई पेश की है। लेकिन इस कार्रवाई ने दिल्ली से लेकर गोवा तक के सियासी और कारोबारी गलियारों में खलबली मचा दी है।