नई दिल्ली

दिल्ली से फिरोजपुर वंदे भारत ट्रेन, 6 घंटे में तय होगी 486 किमी दूरी, जानें किराया और समय सारणी

Firozpur-Delhi Vande Bharat: दिल्ली से फिरोजपुर तक अभी 486 किलोमीटर की दूरी तय करने में करीब नौ घंटे का समय लगता है। वंदे भारत ट्रेन से यह करीब तीन घंटे कम हो जाएगा।
2 min read
Firozpur-Delhi Vande Bharat train run on 11 Nov check stoppage time table and ticket price
फिरोजपुर से दिल्ली वंदे भारत ट्रेन शुरू।

Firozpur-Delhi Vande Bharat: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से पंजाब के फिरोजपुर जिले के बीच रेल संपर्क को और बेहतर बनाने के लिए रेलवे ने नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू की है। यह ट्रेन मंगलवार 11 नवंबर से सप्ताह में छह दिन नियमित तौर पर चलाई जाएगी। दिल्ली से चलकर यह ट्रेन पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पटियाला, बठिंडा, फरीदकोट होते हुए फिरोजपुर पहुंचेगी। जबकि पंजाब से चलने वाली वंदे भारत फिरोजपुर, फरीदकोट, बठिंडा, पटियाला, अंबाला, कुरुक्षेत्र और पानीपत होते हुए यात्रियों को दिल्ली तक पहुंचाएगी। रेलवे का कहना है कि वंदे भारत ट्रेन चलने से यात्रियों को तेज और आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा।

6 घंटे 40 मिनट में तय होगी 486 किलोमीटर की दूरी

उत्तर रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, फिरोजपुर कैंट-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन और रखरखाव उत्तर रेलवे जोन के अधीन किया जाएगा। यह ट्रेन संख्या 26462/26461 के रूप में चलाई जाएगी। फिरोजपुर कैंट-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस कुल 486 किलोमीटर की दूरी 6 घंटे 40 मिनट में तय करेगी। यह अब तक इस रूट की सबसे तेज ट्रेन होगी। ट्रेन संख्या 26462 फिरोजपुर कैंट से सुबह 7 बजकर 55 मिनट पर रवाना होगी और दोपहर 1 बजकर 35 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 26461 दिल्ली से शाम 4 बजे चलेगी और रात 11 बजकर 35 मिनट पर फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी।

सप्ताह में छह दिन चलेगी ट्रेन

उत्तर रेलवे के अधिकारियों ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलाई जाएगी। बुधवार को इसका परिचालन नहीं होगा। ट्रेन में कुल आठ कोच लगाए गए हैं, जिनमें सात वातानुकूलित चेयर कार (AC चेयर कार) और एक एक्जीक्यूटिव चेयर कार (Executive चेयर कार) शामिल है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोचों में आधुनिक तकनीक और आराम की व्यवस्था की गई है। इसमें स्वचालित दरवाजे, बेहतर सीटें, जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली, रीडिंग लाइट और केटरिंग की सुविधा दी गई है।

सात स्टेशनों पर होगा स्टॉपेज

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह वंदे भारत ट्रेन सात स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें फरीदकोट, बठिंडा, धुरी, पटियाला, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र और पानीपत स्टेशन शामिल हैं। इस ट्रेन के चलने से यात्री पंजाब के फिरोजपुर से सुबह निकलकर दोपहर तक दिल्ली पहुंच सकेंगे और शाम की ट्रेन से उसी दिन वापसी भी कर पाएंगे। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस नई सेवा से सीमावर्ती जिलों के यात्रियों को राजधानी दिल्ली तक तेज़ और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा। यह ट्रेन व्यापारिक, शैक्षणिक और सरकारी कामकाज के लिए दिल्ली आने-जाने वालों के लिए बहुत उपयोगी साबित होगी।

अब जानिए क्या होगा वंदे भारत का किराया?

उत्तर रेलवे ने फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस का किराया भी जारी कर दिया है। AC चेयर कार का किराया लगभग 1,200 रुपये प्रति यात्री रखा गया है। एक्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया लगभग 2,200 रुपये प्रति यात्री तय किया गया है। यदि यात्री कैटरिंग सेवा नहीं लेते हैं तो किराया लगभग 150 से 250 रुपये तक कम होगा। टिकटें रेलवे की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और स्टेशन काउंटर पर उपलब्ध हैं। उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस को क्षेत्र के लोगों की मांग को देखते हुए शुरू किया गया है। इससे पंजाब के विकास को भी गति मिलेगी और दिल्ली के साथ संपर्क और मजबूत होगा। फिलहाल दिल्ली के लिए अमृतसर, लुधियाना और चंडीगढ़ से भी वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। अब फिरोजपुर को भी इस हाई-स्पीड नेटवर्क से जोड़कर रेलवे ने एक और कदम आगे बढ़ाया है।

Updated on:
10 Nov 2025 06:19 pm
Published on:
10 Nov 2025 06:18 pm
Also Read
View All
‘अगर मैं नाच नहीं सकती, तो यह मेरी क्रांति नहीं!’ NEET आंदोलन में उभरा AISA अध्यक्ष नेहा बोरा का चर्चित चेहरा

‘ये ट्रेंड ठीक नहीं है’, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बीजेपी के पूर्व मंत्री का बयान, विपक्ष को बताया आंदोलनजीवी

स्पोक्सपर्सन के बयान को गलत तरीके से पेश किया गया- विदेश मंत्रालय ने CJP प्रोटेस्ट पर वायरल दावे का किया फैक्ट-चेक

DCW New Chief: स्वाति मालीवाल के 2 साल बाद दिल्ली महिला आयोग को मिली नई अध्यक्ष; लता गुप्ता संभालेंगी कमान, 5 नए सदस्य भी नियुक्त

‘पंजाब में कोई पेपर लीक नहीं हुआ, अफवाह फैलाना बंद करे BJP-कांग्रेस’, मोहाली में बोले AAP नेता मनीष सिसोदिया